पटना: बिहार के दरभंगा से रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. फेकला थाना क्षेत्र के बिसबीघा गांव में एक बेटे पर अपनी 60 वर्षीय मां की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप है. बताया जा रहा है कि महिला ने अपने बेटे को पोते की पिटाई करने से रोका था. इसी बात पर गुस्साए बेटे ने घर के बाहर रखे बांस से मां के सिर पर कई वार कर दिए. गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई.
मृतका की पहचान उपेंद्र यादव की पत्नी प्रमिला देवी के रूप में हुई है. घटना के बाद पुलिस ने आरोपी बेटे ज्ञानी कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, वारदात के समय ज्ञानी अपने बेटे को पीट रहा था. मां प्रमिला देवी ने पोते को बचाने के लिए बेटे को ऐसा करने से मना किया. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया.
गुस्से में मां पर किया बांस से हमला
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने के बाद ज्ञानी कुमार यादव ने घर के बाहर रखा बांस उठा लिया. आरोप है कि उसने बांस से अपनी मां के सिर पर लगातार कई वार किए. हमले में प्रमिला देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. मां की मौत के बाद आरोपी बेटा वहां से फरार हो गया. घटना की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी. जानकारी मिलते ही फेकला थाना की टीम गांव पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की. पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू की.
पुलिस ने आरोपी बेटे को पकड़ा
घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी ज्ञानी कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया. फेकला थानाध्यक्ष वशिष्ठ कापर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी और आरोपी को पकड़ लिया गया है. पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी अपने बेटे की पिटाई कर रहा था. उसकी मां ने पोते को पीटने से रोका, जिसके बाद विवाद हुआ और आरोपी ने बांस से मां के सिर पर हमला कर दिया.
हत्या के पीछे दूसरी वजह भी थी या नहीं, जांच जारी
फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है. जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हत्या की वजह केवल तत्काल हुआ विवाद था या इसके पीछे कोई और कारण भी मौजूद था. आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.












