नई दिल्ली: राजधानी में राह चलती महिलाओं और लोगों की सोने की चेन झपटकर फरार होने वाले शातिर अपराधियों के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। शाहदरा जिले के आनंद विहार थाना पुलिस की क्रैक टीम ने एक आदतन चेन झपटमार को गिरफ्तार कर तीन वारदातों का पर्दाफाश किया है। आरोपी की पहचान 33 वर्षीय शोएब उर्फ सुहेब उर्फ सोहैब अली, निवासी वेलकम, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बजाज फ्रीडम सीएनजी मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
कड़कड़डूमा में महिला की सोने की चेन झपटी
शाहदरा जिला डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि।कड़कड़डूमा स्थित दिल्ली प्रशासनिक फ्लैट्स के प्रवेश द्वार के पास दोपहर करीब डेढ़ बजे एक महिला की लगभग आठ ग्राम सोने की चेन मोटरसाइकिल सवार बदमाश झपटकर फरार हो गया था। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
100 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली
आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस टीम ने घटनास्थल से लेकर भागने के रास्तों तक 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी जांच में मोटरसाइकिल का नंबर बदलकर सामने आया। जांच में वाहन का नंबर डीएल5एसडीएल-एक्सएक्स03 निकला। पता चला कि मोटरसाइकिल साहिल के नाम पर है, लेकिन उसका भाई शोएब इस्तेमाल कर रहा था।
नंबर प्लेट बदलकर देता था पुलिस को चकमा
स्थानीय सूचना के आधार पर एक नवंबर को पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी को मोटरसाइकिल सहित दबोच लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह काले मार्कर से नंबर प्लेट के अंक बदलकर पुलिस को चकमा देता था। आरोपी के खिलाफ पहले भी झपटमारी के पांच मामले दर्ज हैं और वह 17 अक्टूबर को ही जेल से बाहर आया था। यह कार्रवाई उपनिरीक्षक अशोक राजबनिया, सहायक उपनिरीक्षक दीपक कुमार, हेड कांस्टेबल लोकेश और हेड कांस्टेबल राजकुमार की टीम के की।थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार और सहायक पुलिस आयुक्त पवन कुमार के मार्गदर्शन में कार्रवाई की। पूरी कार्रवाई शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा की निगरानी में हुई।












