महोबा में पैरोल पर घर आए कैदी ने पत्नी की त्रिशूल से गोदकर की हत्या, 3 घंटे शव के पास बैठा रहा

0
8
Mahoba Murder
Pinterest

महोबा: उत्तर प्रदेश के से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां उम्रकैद की सजा काट रहे एक कैदी ने अपनी ही पत्नी का हत्या कर दी। आरोपी पैरोल पर घर आया था, जहां उसने त्रिशूल से पत्नी पर कई वार किए जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद वह करीब तीन घंटे तक शव के पास बैठा रहा और फिर खुद ही परिवार को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

मामला कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र के रगौलिया बुजुर्ग गांव का है। सोमवार को 50 वर्षीय कल्लन रैकवार ने अपनी 48 वर्षीय पत्नी पर घर में रखे त्रिशूल से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी वहां से भागने के बजाय शव के पास ही बैठा रहा। करीब तीन घंटे बाद उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह के साथ कुलपहाड़ कोतवाली की टीम ने मौके का जायजा लिया। फॉरेंसिक और फील्ड यूनिट ने भी पहुंचकर जरूरी साक्ष्य जुटाए।

पत्नी पर था जहरीला पदार्थ देने का शक

पुलिस के मुताबिक, कल्लन को अपनी पत्नी पर शक था कि वह खाने में कोई जहरीला या नशीला पदार्थ मिला देती है। इसी शक को लेकर दोनों के बीच विवाद रहता था। पुलिस का कहना है कि इसी वहम में उसने पत्नी पर त्रिशूल से हमला कर दिया। मृतका के परिवार वालों ने बताया कि घटना के बाद सुबह कल्लन ने खुद उन्हें हत्या के बारे में बताया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।

पहले भी कर चुका है खौफनाक वारदात

पुलिस जांच में कल्लन का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। वह मध्य प्रदेश की सतना जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा था। साल 2014 में उसने मध्य प्रदेश के नौगांव में अपनी 10 महीने की नातिन की पत्थर से हत्या कर दी थी। इस मामले में 2017 में उसे आजीवन कारावास की सजा मिली थी।

बताया गया कि कल्लन को हर तीन महीने में पैरोल मिलती थी। इसी दौरान वह महोबा स्थित अपने घर आया था। अब पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here