पीलीभीत में खूनी सुबह, 20 साल पुरानी रंजिश में किसान को बांक से काटा, गांव में तनाव के बाद PAC तैनात

0
9

नई दिल्ली: पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के बिलहरी गांव में मंगलवार सुबह पुरानी रंजिश ने एक बार फिर खून खराबा करा दिया। घर से खेत की ओर शौच के लिए जा रहे 55 वर्षीय किसान वेदराम की गांव के ही दो लोगों ने धारदार हथियार बांका से काटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जिसके बाद से गांव में तनाव फैल गया है। 

मौके पर पहुंची पुलिस 

सूचना मिलते ही कोतवाली इंस्पेक्टर पवन कुमार पांडेय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस तैनात कर दी गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में नामजद दोनों आरोपियों रामदेव और श्यामदेव को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

20 साल पुरानी रंजिश बनी वजह

बताया जा रहा है कि वेदराम का गांव के ही कुछ लोगों से करीब 20 साल पहले विवाद हुआ था। उस दौरान हुई मारपीट और हमले में एक युवक की मौत हो गई थी। तभी से दोनों पक्षों के बीच दुश्मनी चली आ रही थी और आरोपी पक्ष बदला लेने की फिराक में था। ग्रामीणों के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 8 बजे वेदराम रोज की तरह घर से खेत की तरफ जा रहे थे। रास्ते में आरोपियों से उनकी कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने वेदराम पर बांके से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

गिरफ्तारी की मांग पर अड़े परिजन

दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने शव उठाने से इनकार कर दिया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इंस्पेक्टर पवन कुमार पांडेय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दोनों नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here