नई दिल्ली: झारखंड के गिरिडीह जिले के पचम्बा थाना क्षेत्र के खावा गांव में रविवार की आधी रात के बाद दोहरे हत्याकांज से हड़कंप मच गया। अज्ञात हमलावर ने घर के सामने ही ससुर और बहू की टांगी से काटर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतकों की पहचान खावा निवासी शुकर मंडल 55 और उनकी बहू शीला देवी के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश है। परिजनों कर आरोप है कि रविवार-सोमवार की रात करीब 12 बजे के बाद एक व्यक्ति चुपके से घर में घुसा और उसके बाद विवाद हुआ। उसने ही दोनों को मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद से पूरे इलाके में उसी व्यक्ति के नाम की चर्चा हो रही है। वारदात के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल है।
सूचना पर पहुंची पुलिस, ग्रामीणों ने रोका
घटना की सूचना मिलते ही एसपी डॉ.बिमल कुमार ने डीएसपी आरके राणा को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। डीएसपी के आदेश पर पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने अवर निरीक्षक सोनू कुमार वर्मा को पुलिस बल के साथ मौके पर भेजा। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर सुरक्षा घेरा भी बना दिया। लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस को शव कब्जे में लेने से रोक दिया। ग्रामीणों ने साफ कहा कि जब तक कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं आएगा, तब तक शव नहीं उठने दिया जाएगा। काफी देर तक समझाने के बावजूद लोग नहीं माने, जिसके बाद पुलिस को बैरंग लौटना पड़ा।
क्या बोले डीएसपी?
डीएसपी आरके राणा ने कहा कि खावा में एक अधेड़ व्यक्ति और उनकी बहू की हत्या हुई है। मामले में पुलिस जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। दोहरे हत्याकांड के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। पुरानी रंजिश समेत अन्य पहलुओं पर भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की भी तैयारी की जा रही है, ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे।












