FBI की मोस्ट वांटेड लिस्ट में गोल्डी बरार, पकड़वाने पर 1 मिलियन डॉलर का इनाम

0
8

नई दिल्ली: अमेरिका की जांच एजेंसी FBI ने कुख्यात गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बरार को अपने 10 सबसे खतरनाख भगोड़ों की सूची में डाल दिया है। बरार के बारे में पक्की जानकारी देने वाले को 1 मिलियन डॉलर यानी करीब 8 करोड़ रुपये से ज्यादा का इनाम दिया जाएगा। FBI का कहना है कि बरार लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नार्थ अमेरिका के ऑपरेशन को संभालता है। यह गैंग सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि अमेरिका और कनाडा में भी हत्या, फिरौती, ड्रग्य की तस्करी और हथियारों के धंधे में शामिल बताया जा रहा है।

इससे एक दिन पहले ही कनाडा ने भी बरार पर 2 लाख 50 हजार डॉलर का अलग इनाम घोषित किया था। कनाडा ने उसे अपनी 25 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की नई लिस्ट में नंबर-1 पर रखा है। दोनों देशों की एजेंसियां मिलकर उसे पकड़ने के लिए काम कर रही हैं।

क्या आरोप हैं?

FBI के मुताबिक बरार पर रैकेटियरिंग, फिरौती के लिए धमकी और ड्रग्स की तस्करी की साजिश जैसे गंभीर संघीय अपराधों के आरोप हैं। एजेंसी का दावा है कि वह कई देशों में बिश्नोई गैंग की गतिविधियों को निर्देश देता था। जांच में आरोप लगाया गया है कि लॉरेंस बिश्नोई जेल के अंदर से मोबाइल और इंटरनेट के जरिए गैंग चलाता था, जबकि बाहर की जिम्मेदारी बरार जैसे भरोसेमंद साथियों के पास थी।

FBI का कहना है कि इस गैंग ने टारगेट किलिंग, किडनैपिंग, हमले और फिरौती के जरिए खासकर भारतीय समुदाय में डर फैलाया। ऑनलाइन धमकियों और हिंसा के वीडियो से भी लोगों को डराया गया।

कनाडा में हत्या का मामला

चार्जशीट में एक बड़े मामले का जिक्र है। 18 जून 2023 को कनाडा के सरे में गुरुद्वारे से निकलते समय एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। दस्तावेजों में उसे HSN कहा गया है। आरोप है कि इस हत्या का आदेश बिश्नोई और बरार ने दिया था। इसके अलावा मार्च 2024 से जुलाई 2025 के बीच लॉस एंजिल्स इलाके में एक दूसरे ड्रग गैंग से करीब 520 किलो कोकीन चुराने का भी आरोप है।

ऑपरेशन हार्डबॉल क्या है?

बरार का नाम FBI की लिस्ट में 7 जुलाई को शुरू हुए ऑपरेशन हार्डबॉल के बाद आया है। यह भारत से जुड़े ट्रांसनेशनल क्राइम ग्रुप्स के खिलाफ बड़ी जांच है। इसमें कुल 37 लोगों पर आरोप लगाए गए हैं। इनमें से 24 को गिरफ्तार किया जा चुका है, 4 और पकड़े गए हैं और एक की मौत हो चुकी है। FBI अभी भी बरार समेत 5 भगोड़ों को ढूंढ रही है। कनाडा में बरार पर विन्निपेग में 20 सितंबर 2023 को सुखदूल सिंह गिल उर्फ सुखा दुनेके की हत्या का भी मामला दर्ज है। इस केस में उसके साथी करणबीर सिंह के खिलाफ भी वारंट जारी है। दोनों अभी फरार हैं। FBI के लॉस एंजिल्स ऑफिस के अधिकारी पैट्रिक ग्रैंडी ने कहा कि बरार बेहद खतरनाक है और उसे पकड़ना एजेंसी की प्राथमिकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here