पंजाब में हथियार तस्करी नेटवर्क बेनकाब: एके-47, 2 हैंड ग्रेनेड बरामद, ट्रक ड्राइवर गिरफ्तार

0
9

पंजाब के अमृतसर देहाती पुलिस ने एक व्यक्ति को एक एके-47 असॉल्ट राइफल और दो हैंड ग्रेनेडों के साथ गिरफ्तार करके गैर-कानूनी हथियार और विस्फोटक सप्लाई करने वाले एक नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी पंजाब के डायरेक्टर जनरल आफ पुलिस (डीजीपी) गौरव यादव ने आज यहां दी। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान नवजोत सिंह (28) के रूप में हुई है, जो पेशे से ट्रक ड्राइवर है और तरन तारन के गांव चीमा का रहने वाला है। हथियारों और विस्फोटकों की बरामदगी के अलावा पुलिस टीमों ने आरोपी की मोटरसाइकिल भी जब्त की है, जिसका इस्तेमाल वह खेपें सप्लाई करने के लिए करता था।

विदेशी तस्करों से जुड़े हुए थे आरोपी के तार

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी कथित तौर पर विदेशी तस्करों से जुड़ा हुआ था और गैर-कानूनी हथियारों की खरीद-फरोख्त में शामिल था। उन्होंने बताया कि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने और आगे-पीछे के संबंध स्थापित करने के लिए आगे की जांच जारी है। आपरेशन संबंधी विवरण साझा करते हुए इंस्पेक्टर जनरल आफ पुलिस (आईजीपी) बॉर्डर रेंज गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि खुफिया सूचना पर कार्रवाई करते हुए अमृतसर देहाती पुलिस की विशेष टीमों ने विशेष अभियान चलाया और मोटरसाइकिल पर जा रहे आरोपी को रोककर हिरासत में ले लिया। उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान पुलिस टीमों ने मैगजीन और जिंदा कारतूसों समेत एक एके-47 असॉल्ट राइफल और दो जिंदा हैंड ग्रेनेड बरामद किए हैं।

पुलिस कर रही मामले की अगली जांच

अमृतसर देहाती के सीनियर पुलिस कप्तान (एसएसपी) कंवलप्रीत सिंह चाहल ने बताया कि यह कार्रवाई एसपी (जांच) रमनदीप सिंह, डीएसपी गुरिंदरपाल सिंह नागरा और डीएसपी अटारी यादविंदर सिंह की निगरानी में अंजाम दी गई। इस संबंध में असला एक्ट की धारा 25(8) और विस्फोटक पदार्थ एक्ट की धाराओं 3, 4 और 5 तहत अमृतसर देहाती के थाना घरिंडा में केस दर्ज किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here