कभी 20 रुपये के लिए तरसती थी, आज वही लड़की जापान में कमा रही है हर महीने 1 लाख रुपये, वीडियो वायरल

0
10

नई दिल्ली: कभी-कभी जिंदगी में कही गई एक छोटी-सी बात इंसान के दिल में ऐसी जगह बना लेती है कि वह उसके जीने का मकसद बन जाती है। अरुणाचल प्रदेश की रहने वाली अमन अंपग के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। बचपन में परिवार की आर्थिक तंगी के कारण उन्हें कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा। आज वहीं युवती जापान में रहकर हर महीने करीब एक लाख रुपये कमा रही है।

मां की एक बात दिल में उतर गई

अमन ने इंस्टाग्राम पर अपनी जिंदगी का किस्सा शेयर करते हुए बताया कि बचपन में उनके परिवार की आर्थिक हालत अच्छी नहीं थी। घर के कामों में हाथ बंटाने के बावजूद वह कई बार अपनी जरूरतें पूरी नहीं कर पाती थीं। उनके पास कभी-कभी 20 रुपये तक नहीं होते थे और माता-पिता से पैसे मांगने में भी उन्हें संकोच होता था।

उन्होंने एक दिन का जिक्र किया, जब मां ने उन्हें खाने के लिए बिना सब्जी का खाना दिया। अमन ने इसे खाने से मना कर दिया। इस पर मां नाराज हो गईं और बोलीं, तुम क्या MLA-मंत्री के बच्चे हो, जो तुम्हें सब्जी, मीट-मछली सब मिलेगा? मां की यह बात अमन को अदंर तक छू गई। उसी दिन उन्होंने तय कर लिया कि एक दिन इतना कमाएंगी कि उनके माता-पिता को कभी पैसों की कमी न झेलनी पड़े।

जापान में कर रही हैं काम

अमन को जापान में रहते हुए तीन साल से ज्यादा हो चुके हैं। वह फिलहाल क्योटो के पास एक गांव में पारंपरिक जापानी रयोकान यानी सराय में काम करती हैं। इससे पहले वह एक साल से अधिक समय तक ओसाका में रह चुकी हैं। होटल में नौकरी के साथ वह सोशल मीडिया पर वीडियो भी बनाती हैं। इसके अलावा वह SSW वीजा से जुड़े एक सेंटर में भी काम करती हैं, जहां भारतीयों को जापान में रोजगार पाने के लिए जापानी भाषा सीखने और नौकरी तलाशने में मदद करती हैं।

अमन ने अपने वीडियो में बताया कि जापान में उनकी मासिक कमाई करीब एक लाख रुपये है। उन्होंने कहा कि इस मुकाम तक पहुंचना आसान नहीं था। कई दोस्त अपने लक्ष्य से बीच रास्ते में पीछे हट गए, लेकिन अमन ने हार नहीं मानी। गरीबी के पुराने अनुभव उन्हें लगातार मेहनत करने की प्रेरणा देते रहे।

माता-पिता को बेहतर जिंदगी देना है मकसद

अमन का कहना है कि उनकी कहानी कोई बनाई हुई कहानी नहीं, बल्कि उनके जीवन का सच है। जिस लड़की को कभी छोटी-छोटी जरूरतों के लिए सोचना पड़ता था, आज वह विदेश में मेहनत करके अपने सपनों को पूरा कर रही है। उनकी सबसे बड़ी इच्छा अपने माता-पिता को ऐसी जिंदगी देना है, जिसमें उन्हें कभी पैसों की तंगी के कारण किसी चीज से समझौता न करना पड़े। अमन की यह कहानी सोशल मीडिया पर लोगों को काफी प्रेरित कर रही है। लोग उनकी मेहनत और हौसले की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here