WBCHSE HS Result 2026 Out: पश्चिम बंगाल बोर्ड 12वीं के नतीजे घोषित, 91.2% छात्र हुए पास

0
15
WBCHSE HS Result 2026 Out: West Bengal Board 12th results declared, 91.2% students pass
GROK AI

कोलकाता: पश्चिम बंगाल उच्च माध्यमिक शिक्षा परिषद (WBCHSE) ने गुरुवार को हायर सेकेंडरी यानी कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के परिणाम घोषित कर दिए है. बता दें, बोर्ड ने कोलकाता के विद्यासागर भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रिजल्ट जारी किया, जिसके बाद सुबह 11 बजे छात्रों के लिए ऑनलाइन लिंक भी एक्टिव कर दिया गया. इस वर्ष परीक्षा में शामिल हुए छात्रों का प्रदर्शन बेहतर रहा और कुल पास प्रतिशत 91.2 दर्ज किया गया.

12 फरवरी से 27 फरवरी तक आयोजित हुई थी परीक्षा

बोर्ड के अनुसार, इस साल 5,71,355 छात्रों ने परीक्षा सफलतापूर्वक पास की है. वहीं करीब 7.1 लाख विद्यार्थियों ने 12 फरवरी से 27 फरवरी 2026 के बीच आयोजित हुई उच्च माध्यमिक परीक्षा में भाग लिया था. रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र अब आधिकारिक वेबसाइटों पर जाकर अपना स्कोरकार्ड देख सकते हैं. बोर्ड ने इस बार भी कई ऑनलाइन पोर्टल्स के जरिए परिणाम उपलब्ध कराए हैं ताकि अधिक ट्रैफिक के कारण वेबसाइट पर तकनीकी समस्या न हो.

अद्रित पाल बने राज्य टॉपर

इस वर्ष की मेरिट लिस्ट में कुल 64 विद्यार्थियों ने टॉप-10 में जगह बनाई है. इनमें 56 लड़के और 8 लड़कियां शामिल हैं.  नरेंद्रपुर रामकृष्ण मिशन के छात्र अद्रित पाल ने 500 में से 496 अंक हासिल कर राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया. खास बात यह रही कि दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाले छात्र भी इसी संस्थान से हैं.

जिलावार प्रदर्शन की बात करें तो पूर्व मेदिनीपुर जिला इस बार सबसे आगे रहा. जिले का पास प्रतिशत 94.19 दर्ज किया गया, जबकि हावड़ा दूसरे स्थान पर रहा. बोर्ड अधिकारियों ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों की तुलना में इस बार छात्रों का प्रदर्शन काफी बेहतर रहा है. वर्ष 2025 में कुल पास प्रतिशत 86.15 था, जबकि 2024 में यह 84.93 प्रतिशत रहा था.

यहां देखें WBCHSE HS Result 2026

छात्र अपना रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइटों wbchse.wb.gov.in, result.wb.gov.in पर रोल नंबर और जन्मतिथि दर्ज करके देख सकते हैं. इसके अलावा डिजिलॉकर के माध्यम से भी डिजिटल मार्कशीट डाउनलोड करने की सुविधा दी गई है. बोर्ड ने जानकारी दी है कि ओरिजिनल मार्कशीट, पास सर्टिफिकेट और अन्य दस्तावेज अगले सप्ताह स्कूलों के जरिए छात्रों को वितरित किए जाएंगे. इसके लिए राज्यभर में 55 से अधिक वितरण केंद्र बनाए गए हैं.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here