गांधी नगर गारमेंट यूनिट में सनसनी, मामूली झगड़ा बना हत्या की वजह

0
11
Delhi news
Delhi news

नई दिल्ली: राजधानी के शाहदरा जिले में एक कपड़ा सिलाई फैक्टरी के भीतर हुए हत्या के मामले ने इलाके में सनसनी फैला दी है. गांधी नगर क्षेत्र स्थित एक गारमेंट यूनिट में काम करने वाले युवक की उसके ही सहकर्मी ने कथित तौर पर कैंची से हमला कर हत्या कर दी. पुलिस ने इस मामले में तेजी दिखाते हुए एफआईआर दर्ज होने के कुछ घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. साथ ही उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई कैंची और घटना के दौरान पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए गए हैं.

पुलिस अधिकारियों ने क्या कहा? 

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, 5 जून को डॉ. हेडगेवार अस्पताल से सूचना मिली थी कि कृष्ण कुमार नाम के एक व्यक्ति को गंभीर चोटों के साथ भर्ती कराया गया है. शुरुआती जांच में पता चला कि उस पर किसी धारदार वस्तु से हमला किया गया था. पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल से बातचीत की कोशिश की, लेकिन वह घटना के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे पाया. बाद में वह अस्पताल से बिना सूचना दिए चला गया और किसी भी कानूनी कार्रवाई से भी इनकार कर दिया.

मामले ने अगले दिन गंभीर मोड़ ले लिया, जब 6 जून को जीटीबी अस्पताल से कृष्ण कुमार की मौत की सूचना मिली. इसके बाद गांधी नगर थाना पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की गहन जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मृतक रघुवरपुरा सेकेंड इलाके में स्थित एक गारमेंट फैक्टरी में कार्यरत था.

फैक्टरी मालिक ने पूछताछ में क्या बताया?

फैक्टरी मालिक और अन्य कर्मचारियों से पूछताछ के दौरान पता चला कि 4 जून की रात कुछ कर्मचारी फैक्टरी परिसर में शराब पी रहे थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान अरबाज नामक कर्मचारी ने पहले टाइगर नाम के युवक पर हमला किया और फिर कृष्ण कुमार को निशाना बनाते हुए उस पर कैंची से कई वार कर दिए. हमले में गंभीर रूप से घायल कृष्ण कुमार ने बाद में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.

पुलिस ने गवाहों के बयान, सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की. जांच के दौरान 27 वर्षीय अरबाज को उत्तम नगर इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस का कहना है कि आरोपी पहले भी किशोरावस्था में हत्या के प्रयास के एक मामले में शामिल रह चुका है. फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here