दिवाली से पहले शराब तस्करों पर पुलिस का ‘सर्जिकल स्ट्राइक’, 2880 बोतलें बरामद

0
6

नई दिल्ली: दिवाली से पहले अवैध शराब के कारोबार पर दिल्ली पुलिस ने शिकंजा कसते हुए पश्चिमी जिले में बड़ी कार्रवाई की है। विशेष स्टाफ की टीम ने मोती नगर थाना क्षेत्र के बसई दारापुर के पास घेराबंदी कर एक कथित शराब तस्कर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी की हुंडई आई-10 कार से रॉयल ग्रीन शराब की 30 पेटियां बरामद कीं, जिनमें कुल 2,880 छोटी बोतलें थीं। शराब की ढुलाई में इस्तेमाल कार को भी जब्त कर लिया गया।

गुप्त सूचना पर बिछाया जाल, कार समेत दबोचा आरोपी

वेस्ट जिला डीसीपी हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि त्योहार के दौरान अवैध शराब की आपूर्ति रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान विशेष स्टाफ को शराब की खेप ले जाने की सूचना मिली। निरीक्षक राजेश मौर्य के नेतृत्व में सहायक पुलिस आयुक्त राजेश कुमार की निगरानी में टीम ने बसई दारापुर के पास जाल बिछाया और संदिग्ध कार को रोक लिया। जांच में चालक की पहचान रघुबीर नगर, शिवाजी एन्क्लेव निवासी नितिन कुमार (34) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान कार से शराब की 30 पेटियां मिलीं। पुलिस ने आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मोती नगर थाने में मामला दर्ज कर शराब और वाहन जब्त कर लिया।

बहादुरगढ़ से रघुबीर नगर तक सप्लाई की तैयारी

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर हरियाणा के बहादुरगढ़ स्थित एक गोदाम से शराब लेकर आया था और इसे रघुबीर नगर के विभिन्न अवैध शराब विक्रेताओं तक पहुंचाने की योजना थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले भी आबकारी अधिनियम के छह मामलों में शामिल रहा है।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम

इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक कप्तान, हेड कांस्टेबल देवेंद्र और कांस्टेबल गुरमीत शामिल रहे। पूरी कार्रवाई पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी. स्वामी के समग्र पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस अब शराब की आपूर्ति के स्रोत और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here