डिलीवरी में 5 मिनट की देरी पड़ी भारी, शख्स ने डिलीवरी बॉय को फ्लैट में ले जाकर पीटा

0
10
Meerut Viral Video
Meerut Viral Video

मेरठ: मेरठ से सामने आए एक वायरल CCTV वीडियो ने डिलीवरी कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर नई बहस छेड़ दी है. वीडियो में एक व्यक्ति कथित तौर पर डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट करता हुआ और उसे जबरन अपने फ्लैट के अंदर ले जाता दिखाई दे रहा है. कुछ मिनट बाद डिलीवरी बॉय अकेले बाहर निकलता नजर आता है. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है.

दावा किया जा रहा है कि घटना मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र की गंगा हाइट्स बिल्डिंग में हुई. बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति ने ऑनलाइन सामान मंगाया था. डिलीवरी के दौरान उसने डिलीवरी बॉय को कुछ देर इंतजार करने के लिए कहा. इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हुई. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर व्यक्ति डिलीवरी बॉय को फ्लैट के अंदर ले गया और उसके साथ मारपीट की.

CCTV में कैद हुई पूरी घटना

करीब 3 मिनट 12 सेकंड के CCTV वीडियो में लाल टी-शर्ट पहना एक युवक हाथ में पैकेट लेकर फ्लैट के दरवाजे पर पहुंचता दिखाई देता है. वह डोरबेल बजाता है, जिसके बाद एक व्यक्ति बाहर आता है. दोनों के बीच किसी बात को लेकर बातचीत और बहस शुरू होती है. कुछ ही देर में बाहर आया व्यक्ति कथित तौर पर डिलीवरी बॉय पर हाथ उठा देता है. शोर सुनकर फ्लैट से एक महिला भी बाहर आती दिखाई देती है. वीडियो में डिलीवरी बॉय को ‘मैम-मैम’ कहते सुना जा सकता है. 

इसके बाद महिला इशारे से उस व्यक्ति को अंदर जाने को कहती है. व्यक्ति डिलीवरी बॉय को अपने साथ फ्लैट के अंदर ले जाता है और दरवाजा बंद हो जाता है. करीब कुछ मिनट बाद डिलीवरी बॉय फ्लैट से बाहर निकलता है और वहां से चला जाता है. वीडियो में इसके बाद क्या हुआ, इसकी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है.

सोशल मीडिया पर कार्रवाई की मांग

वीडियो वायरल होने के बाद कई यूजर्स ने मेरठ पुलिस को टैग कर मामले में कार्रवाई की मांग की. हर्ष प्रताप सिंह नाम के यूजर ने आरोपी के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की. वहीं शशि नाम के यूजर ने 15 अगस्त का जिक्र करते हुए पुलिस से मामले को देखने की अपील की. कमल वर्मा ने डिलीवरी कर्मचारियों यानी गिग वर्कर्स की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि किसी को भी डिलीवरी कर्मचारी के साथ इस तरह व्यवहार करने का अधिकार नहीं है. उन्होंने दोषी के खिलाफ कार्रवाई और गिग वर्कर्स की सुरक्षा के लिए जरूरी कानून की मांग की.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here