100 की लिमिट में 101 की रफ्तार और 2 हजार का चालान, लेकिन लोकेशन देख उड़ गए होश

0
14

नई दिल्ली: सड़क पर गाड़ी चलाते समय स्पीड लिमिट का ध्यान रखना जरूरी है। नियम तोड़ने पर ट्रैफिक पुलिस चालान काट सकती है, लेकिन क्या आपने कभी ऐसा चालान देखा है, जिसमें आपकी कार की लोकेशन हजारों किलोमीटर दूर समुद्र के बीच दिखाई जाए? नोएडा के एक शख्स के साथ कुछ ऐसा ही हुआ है। यमुना एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार के लिए उनका 2,000 रुपये का चालान कटा, लेकिन उसमें दर्ज लोकेशन ने पूरे मामले को चर्चा में ला दिया।

इस मामले को अनुजीत शिवम नाम के व्यक्ति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किया है। उनके मुताबिक, यमुना एक्सप्रेसवे से गुजरते समय उन्हें ट्रैफिक चालान मिला। इसमें उनकी गाड़ी की रफ्तार 101 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई थी, जबकि वहां स्पीड लिमिट 100 किलोमीटर प्रति घंटा है। यानी तय सीमा से महज एक किलोमीटर ज्यादा चलने पर उनका 2,000 रुपये का चालान काट दिया गया। हालांकि, इस चालान में सिर्फ एक किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार का अंतर ही चर्चा की वजह नहीं बना। इसमें दर्ज लोकेशन ने भी लोगों को हैरान कर दिया।

चालान में अटलांटिक महासागर की लोकेशन

अनुजीत के चालान में गाड़ी की लोकेशन 0°N, 0°E दर्ज दिखाई गई। ये निर्देशांक पृथ्वी पर अटलांटिक महासागर के उस हिस्से की ओर इशारा करते हैं, जहां कोई सामान्य सड़क मौजूद नहीं है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि यमुना एक्सप्रेसवे पर चल रही कार की लोकेशन समुद्र के बीच कैसे दर्ज हो गई? अनुजीत ने इस मामले को नोएडा ट्रैफिक पुलिस और उत्तर प्रदेश ट्रैफिक पुलिस के सामने उठाया है। उन्होंने सवाल किया कि जब चालान में लोकेशन ही इतनी गलत दर्ज हो रही है, तो सड़क सुरक्षा और चालान व्यवस्था पर भरोसा कैसे किया जाए।

स्पीड लिमिट और छूट को लेकर भी चर्चा

सोशल मीडिया पर इस पोस्ट के बाद लोगों ने अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ यूजर्स का कहना है कि जब एक्सप्रेसवे पर अधिकतम रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटा तय है, तो इससे ऊपर जाने पर चालान कटना स्वाभाविक है। वहीं, कुछ लोगों ने स्पीड लिमिट में थोड़ी छूट दिए जाने की बात कही। कुछ यूजर्स ने दावा किया कि कई देशों में तय रफ्तार से 10 प्रतिशत तक अधिक चलने पर छूट मिलती है, जबकि भारत में पांच प्रतिशत की छूट का प्रावधान है। एक यूजर ने सरकारी अधिसूचना का हवाला देते हुए चालान को चुनौती देने की सलाह भी दी। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि जरूरी है। इसके अलावा कुछ लोगों ने एक्सप्रेसवे पर अधिकतम स्पीड लिमिट 120 किलोमीटर प्रति घंटा करने की मांग भी उठाई। फिलहाल इस मामले में गलत लोकेशन दर्ज होने का सवाल सबसे ज्यादा चर्चा में है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here