समस्तीपुर में खौफनाक वारदात, घात लगाकर बदमाशों ने दो लोगों को गोलियों से छलनी किया

0
7
Lured by a phone call and then riddled with bullets double murder case sparks sensation in Samastipur
Pinterest

पटना: बिहार के समस्तीपुर जिले में मंगलवार देर रात हुई दोहरी हत्या की वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. बता दें, चकमेहसी थाना क्षेत्र के नामापुर दरियापार गांव में अज्ञात बदमाशों ने दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी. वहीं घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और एहतियात के तौर पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. 

क्या है पूरा मामला? 

मृतकों की पहचान नीमा चकहैदर गांव निवासी प्रभात चौधरी और सन्नी कुमार के रूप में हुई है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों को किसी व्यक्ति ने फोन कर नामापुर दरियापार गांव स्थित एक दुकान के पास बुलाया था. जैसे ही वे वहां पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी.

बदमाशों ने चलाई गोलियां 

हमले के दौरान दोनों ने जान बचाने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। प्रभात चौधरी को बदमाशों ने घेरकर कई गोलियां मारीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं गंभीर रूप से घायल सन्नी कुमार को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उन्होंने भी दम तोड़ दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.

पुलिस द्वारा जांच जारी 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। सदर डीएसपी संजय कुमार ने मामले की जांच का जायजा लिया, जबकि चकमेहसी थानाध्यक्ष जितेंद्र सहनी ने बताया कि हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की जा रही है.

पहले भी हो चुका जानलेवा हमला 

पुलिस जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि करीब दो वर्ष पहले प्रभात चौधरी पर कोर्ट परिसर में भी जानलेवा हमला हुआ था, जिसमें वह बच गए थे. ऐसे में पुलिस इस पुराने मामले और ताजा वारदात के बीच किसी संभावित संबंध की भी जांच कर रही है. दोहरी हत्या की इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल है. पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि मामले का जल्द खुलासा कर आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here