मुजफ्फरनगर: जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मीरापुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार, 23 अक्टूबर को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गैंगस्टर एक्ट में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश आदिल रशीद को गोली लगने से घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया।
मुठभेड़ के बाद 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, मीरापुर थाना पुलिस संभलहेड़ा से कुतुबपुर झाल की ओर चुड़ियाला रजवाहे की पुलिया के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कुतुबपुर की तरफ से आ रहे बाइक सवार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन वह भागने लगा। पीछा करने पर उसकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। आरोप है कि इसके बाद बदमाश ने जंगल की ओर भागते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से घायल हो गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गैंगस्टर एक्ट में वांछित था आरोपी आदिल रशीद
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आदिल रशीद पुत्र सगीर, निवासी ग्राम चिट्टा, थाना सलेमपुर, जनपद बुलंदशहर के रूप में हुई है। वह मीरापुर थाने में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर एसएसपी सूरज कुमार राय ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
तमंचा, कारतूस, ATM कार्ड और बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, एक मिस कारतूस, चार एटीएम कार्ड और बिना नंबर की पैशन प्रो मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद एटीएम कार्डों की पुलिस गहनता से जांच कर रही है।
तमंचा, कारतूस, ATM कार्ड और बाइक बरामद
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आदिल के खिलाफ मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, प्रयागराज, अलीगढ़ और महाराष्ट्र के पुणे में धोखाधड़ी, लूट, चोरी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मुठभेड़ का केस, जांच जारी
यह कार्रवाई एसएसपी सूरज कुमार राय के निर्देशन, एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक और सीओ जानसठ ऋषिका सिंह के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी इन्द्रजीत सिंह के नेतृत्व वाली पुलिस टीम ने की। पुलिस ने मुठभेड़ के संबंध में भी मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Reported By: Rohit











