प्रेम संबंध, हत्या और बीमा क्लेम की साजिश, पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर कराई पति की हत्या

0
8

नई दिल्ली: बर्डोद में हुई युवक की संदिग्ध मौत का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच के मुताबिक, सतीश की हत्या उसकी पत्नी के कथित प्रेमी और एक अन्य व्यक्ति ने की थी। आरोपियों ने वारदात को सड़क हादसा दिखाने की योजना बनाई, ताकि बीमा क्लेम मिल सके। करीब 60 CCTV कैमरों की फुटेज से पुलिस को सुराग मिला। दो आरोपी गिरफ्तार हुए हैं, जबकि पत्नी की भूमिका की जांच जारी है। बहरोड़ के एसपी सतवीर सिंह ने गुरुवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश उर्फ राजू मिस्त्री (34), निवासी पदमाड़ा खुर्द, खैरथल-तिजारा और शमशेर उर्फ शिवा उर्फ शिवम (27), निवासी बरेली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, हत्या की साजिश इस तरह रची गई थी कि किसी को शक न हो।

पुलिस जांच में सामने आया कि सतीश को हरियाणा बुलाया गया था। वहां उसके साथ मारपीट की गई। घायल होने के बाद आरोपी उसे मौके पर छोड़कर फरार हो गए। बाद में चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। शव को इस तरह रखने की कोशिश की गई, जिससे मामला सड़क दुर्घटना लगे।

60 CCTV कैमरों से मिला सुराग

सतीश की मौत के बाद उसके भाई मुकेश सैनी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। शव की जांच में सिर पर चोट के निशान और शरीर पर कड़बी के पत्ते मिले। इससे पुलिस को संदेह हुआ कि यह सामान्य हादसा नहीं है। पुलिस ने करीब 60 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें दो संदिग्ध बाइक पर शव ले जाते दिखाई दिए। इसी आधार पर पुलिस राजेश और शमशेर तक पहुंची। पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि राजेश ने वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार की।

पत्नी की भूमिका और बीमा क्लेम की जांच

पुलिस के मुताबिक, सतीश की पत्नी रेखा सैनी और राजेश के बीच कथित प्रेम संबंध थे। इसी वजह से हत्या की योजना बनाए जाने का शक है। सतीश बर्डोद में रहता था, जबकि उसकी पत्नी बानसूर में रह रही थी। पत्नी की भूमिका की जांच जारी है। पुलिस को आशंका है कि हत्या को सड़क हादसा दिखाकर बीमा पॉलिसी की रकम लेने की तैयारी थी। जांच टीम बीमा दस्तावेजों और साजिश में शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। जांच के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here