मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर देश में चर्चा तेज है, लेकिन इसी बीच सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया और साथ ही हंसी भी दिला दी. इस वीडियो में एक युवक ने पेट्रोल भरवाने के लिए ऐसा अनोखा तरीका अपनाया कि लोग उसे “देसी जुगाड़” का शानदार उदाहरण बता रहे हैं.
आमतौर पर पेट्रोल पंप पर नियम काफी सख्त होते हैं. सुरक्षा कारणों से बोतल या किसी खुले डिब्बे में पेट्रोल देने की अनुमति नहीं होती. पेट्रोल सीधे वाहन में ही भरा जाता है. ऐसे में लोगों को कई बार परेशानी का सामना करना पड़ता है, खासकर जब वाहन पंप तक नहीं पहुंच पाता. लेकिन वायरल वीडियो में एक युवक ने इस समस्या का ऐसा हल निकाला, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया. उसने अपनी बाइक की पूरी टंकी ही निकाल ली और उसे लेकर सीधे पेट्रोल पंप पहुंच गया.
बाइक की टंकी लेकर पहुंचा युवक
वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक Hero Honda Passion बाइक की टंकी को अलग करके अपने हाथ में उठाए हुए है. वह सीधे पंप पर जाता है और उसी टंकी में पेट्रोल भरवाता है. इस तरह उसने नियमों को तोड़ा भी नहीं, क्योंकि पेट्रोल वाहन के हिस्से में ही भरा गया, लेकिन उसका तरीका इतना अलग था कि लोग इसे देखकर हैरान रह गए.
आसपास मौजूद लोग भी इस नजारे को देखकर चौंक गए और कुछ ने इसे मजेदार जुगाड़ बताया. जैसे ही यह वीडियो इंटरनेट पर आया, यह तेजी से वायरल हो गया. लोग इसे शेयर कर रहे हैं और अलग-अलग तरह के रिएक्शन दे रहे हैं. कई यूजर्स ने युवक की इस सोच की तारीफ की, तो कुछ ने इसे बेहद मजेदार बताया.
लोगों ने दिए मजेदार रिएक्शन
वीडियो पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई है. एक यूजर ने लिखा, “समस्या का मॉडर्न और डिटैच समाधान.” वहीं दूसरे ने मजाक में कहा, “रूल्स भी फॉलो किए और तोड़े भी.” कुछ लोगों ने इसे भारत की जुगाड़ तकनीक का बेहतरीन उदाहरण बताया. एक यूजर ने लिखा, “इंडिया इज नॉट फॉर बिगिनर्स,” तो किसी ने कहा, “ऐसे ही नहीं भारत को जुगाड़ का देश कहा जाता है.”
इतना ही नहीं, कुछ यूजर्स ने मजाक-मजाक में उस युवक को “भारत रत्न” देने तक की मांग कर डाली. कई लोगों ने इसे क्रिएटिव सोच बताया, जबकि कुछ ने इसे नियमों के साथ खेलना भी कहा.
















