नई दिल्ली: तिरुपति बालाजी मंदिर में 121 किलो सोने के आभूषण दान करने वाले चेन्नई के कारोबारी वर्धमान जैन इन दिनों सुर्खियों में हैं। उन्होंने अपनी पत्नी राधिका जैन के साथ भगवान वेंकटेश्वर को 200 करोड़ रुपये से अधिक कीमत के सोने के गहने भेंट किए हैं। इस दान में मुकुट, हार, बाजूबंद और कमरबंद समेत कई खास आभूषण शामिल हैं। 26 नवंबर को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में ये गहने भगवान को अर्पित किए गए। इतनी बड़ी भेंट के बाद हर कोई जानना चाहता है कि वर्धमान जैन कौन हैं और उन्होंने इतनी संपत्ति कैसे बनाई?
वर्धमान जैन चेन्नई के कारोबारी और हेल्थकेयर टेक्नोलॉजी कंपनी एक्सेस हेल्थकेयर (Access Healthcare) के संस्थापक एवं वाइस चेयरमैन हैं। उन्होंने लोयोला कॉलेज, चेन्नई से स्टैटिस्टिक्स की पढ़ाई की। इसके बाद अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास, ऑस्टिन से कंप्यूटर साइंस में पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री हासिल की। वह एशिया इंजीनियरिंग के डायरेक्टर भी हैं। साथ ही कांची कामकोटि चिल्ड्रन्स ट्रस्ट हॉस्पिटल के मैनेजिंग ट्रस्टी के रूप में भी जुड़े हुए हैं। यह संस्थान जरूरतमंद बच्चों को स्वास्थ्य सुविधाएं देने का काम करता है।
1997 में छोटे कारोबार से शुरू हुआ सफर
वर्धमान जैन ने 1997 में अनुराग जैन के साथ विजन हेल्थसोर्स (Vision HealthSource) की स्थापना की थी। कंपनी अस्पतालों और डॉक्टरों को मेडिकल बिलिंग, बीमा क्लेम और भुगतान से जुड़ी सेवाएं देती थी। 2003 में पेरोट सिस्टम्स ने इस कंपनी का अधिग्रहण कर लिया। बाद में 2009 में डेल ने पेरोट सिस्टम्स को खरीद लिया। इसके बाद जैन डेल सर्विसेज के ग्लोबल बीपीओ कारोबार के मैनेजिंग डायरेक्टर बने। उन्होंने 100 से अधिक क्लाइंट और करीब 9,000 कर्मचारियों वाली टीम का काम संभाला।
एक्सेस हेल्थकेयर ने दिलाई नई पहचान
डेल में काम करने के बाद जैन ने अपना नया कारोबार शुरू किया और एक्सेस हेल्थकेयर की स्थापना की। यह कंपनी अस्पतालों और स्वास्थ्य सेवा संस्थानों को मेडिकल बिलिंग, इंश्योरेंस क्लेम और वित्तीय प्रबंधन में मदद करती है। कंपनी अपने कामकाज में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ऑटोमेशन और मशीन लर्निंग जैसी तकनीकों का इस्तेमाल करती है। जनवरी 2025 में अमेरिकी प्राइवेट इक्विटी कंपनी न्यू माउंटेन कैपिटल (New Mountain Capital) ने एक्सेस हेल्थकेयर में बहुलांश हिस्सेदारी खरीदने के लिए निवेश का ऐलान किया था। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस सौदे का मूल्य 1.5 से 2 अरब डॉलर के बीच था। बताया जाता है कि जैन ने इसमें अपनी करीब 70 फीसदी हिस्सेदारी बेची थी।
वर्धमान और राधिका जैन ने तिरुमला मंदिर में भगवान वेंकटेश्वर को 121 किलो सोने के आभूषण भेंट किए। मंदिर प्रबंधन तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) के अनुसार, इन आभूषणों में मुकुट, हार, बाजूबंद, कंधों के गहने, कमरबंद और चरणों के आभूषण शामिल हैं। इनका उपयोग भगवान के दैनिक धार्मिक अनुष्ठानों और विशेष श्रृंगार में किया जाएगा।












