परिसीमन के बाद BJP का ‘800 पार’ का लक्ष्य, खरगे ने बताया सत्ता हासिल करने की कोशिश

0
8

नई दिल्ली: परिसीमन बिल के विरोध में शनिवार को राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के घर पर INDIA गठबंधन के नेताओं की बैठक हुई। इस बैठक में शरद पवार की पार्टी एनसीपी (एसपी) मौजूद नहीं रही। वहीं बैठक के बाद खरगे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी सरकार को लेकर टिप्पणी की है। खरगे ने कहा कि INDIA गठबंधन के सभी दलों ने मिलकर तय किया है कि मोदी सरकार जो परिसीमन संविधान संशोधन बिल ला रही है, वह लोकतंत्र के लिए बहुत बड़ा खतरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतंत्र को खत्म करके पूरी सत्ता अपने हाथ में लेने के लिए BJP ने 800 पार की बात की है।

खरगे ने कहा कि पिछले चुनाव में BJP का नारा 400 पार था, लेकिन अब सीटें बढ़ाकर वे लोग हमेशा के लिए सत्ता अपने हाथ में लेना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि इस बिल के जरिए BJP आने वाले चुनाव में अबकी बार, 800 पार का नारा देगी।

SC-ST के साथ अन्याय का आरोप

खरगे ने कहा कि इस बिल में अनुसूचित जाति और जनजातियों के हितों का ध्यान नहीं रखा गया है। उनके साथ अन्याय किया गया है। संविधान कहता है कि SC-ST की सीटें बढ़नी चाहिए, लेकिन इसमें इसका कोई प्रावधान नहीं है। उन्होंने कहा कि ताजा जनगणना आने वाली है, लेकिन इसके बारे में कुछ नहीं बताया गया। अगर ताजा जनगणना के हिसाब से परिसीमन हो तो SC-ST वर्ग को उनकी बढ़ी हुई संख्या के अनुसार बढ़ी हुई सीटें मिलेंगी। लेकिन BJP चाहती है कि SC-ST वर्ग को उनका अधिकार न मिले।

खरगे ने चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिस चुनाव आयोग ने 10 करोड़ से ज्यादा लोगों को मतदाता सूची से हटाया है, उसे ही परिसीमन की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। यह हमें स्वीकार नहीं है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि वे अपराध के कटघरे में हैं। उन्हीं के नेतृत्व में अगर यह हुआ तो और भी गड़बड़ी हो जाएगी।

असम और जम्मू-कश्मीर का दिया उदाहरण

खरगे ने कहा कि असम और जम्मू-कश्मीर में किस तरह से परिसीमन हुआ, यह सबके सामने है। भौगोलिक तौर पर अपने फायदे के लिए वे लोग क्षेत्रों को बदलते हैं। सत्ता को पूरी तरह अपने हाथ में लेने के लिए ये लोग मजबूती से काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछली बार जब बिल लाया गया था तो वे लोग विफल हो गए थे। अब उन्होंने TMC को तोड़ा, NCP को तोड़ा, शिवसेना को तोड़ा। सभी पार्टियों को तोड़कर जब उन्हें लगा कि उनके पास संख्याबल है, तो वे सत्र बुला रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here