जुर्म की पाठशाला में नाबालिग, सजा का डर कम, गैंगस्टरों का जाल बड़ा; 19 महानगरों के किशोर अपराध में दिल्ली की 46 फीसदी हिस्सेदारी

0
6

नई दिल्ली: उम्र खेलने-कूदने और किताबों से भविष्य संवारने की है, लेकिन हाथों में खिलौनों की जगह चाकू और पिस्तौल नजर आने लगे हैं। स्कूल की कक्षाओं से दूर कुछ किशोर अब अपराध की दुनिया में अपनी पहचान बनाने के खतरनाक रास्ते पर चल पड़े हैं। कहीं पुरानी रंजिश में चाकू चमक रहा है तो कहीं गैंग के नाम पर गोलियां चल रही हैं। राजधानी दिल्ली में किशोर अपराध का बढ़ता ग्राफ इसी बदलती तस्वीर की गवाही दे रहा है। देश के 19 महानगरों में किशोरों की ओर से किए गए कुल अपराधों में दिल्ली की हिस्सेदारी 46 फीसदी बताई गई है। वहीं, दिल्ली पुलिस के छमाही आंकड़ों के मुताबिक पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में इस साल किशोरों से जुड़े आपराधिक मामलों में करीब 30 फीसदी की वृद्धि हुई है। सबसे ज्यादा चिंता इस बात की है कि अब 14 से 17 वर्ष की उम्र के किशोर हत्या, हत्या के प्रयास, चाकूबाजी, गोलीबारी, लूट और गैंगवार जैसी गंभीर वारदातों में सामने आ रहे हैं।

कानून की नरमी, अपराधियों के लिए मौका

सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता और दिल्ली पुलिस के पूर्व उपायुक्त एलएन राव ने किशोर अपराध की बढ़ती प्रवृत्ति के पीछे कानून की प्रकृति और संगठित अपराधियों की भूमिका को महत्वपूर्ण कारण बताया है। उनका कहना है कि किशोर न्याय कानून का मूल उद्देश्य बच्चों को दंडित करने के बजाय उनमें सुधार लाना और उन्हें समाज की मुख्यधारा में वापस लाना है। इसी कारण किशोर अपराधियों के लिए वयस्क अपराधियों जैसी सजा का प्रावधान नहीं है। राव के मुताबिक, कानून की इसी व्यवस्था का फायदा अब बड़े और खूंखार अंतरराज्यीय गैंगस्टर उठाने लगे हैं। वे जानते हैं कि 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए अलग किशोर न्याय व्यवस्था है। ऐसे में वे खुद गंभीर अपराधों को अंजाम देने के बजाय नाबालिगों को आगे कर रहे हैं। यह स्थिति कानून-व्यवस्था के लिए नई और गंभीर चुनौती बनती जा रही है।

गैंगस्टरों का नया हथियार बन रहे बच्चे

एलएन राव के अनुसार संगठित गिरोहों के सदस्य स्कूल छोड़ चुके बच्चों, गलत संगत में पड़ चुके किशोरों और आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवारों के बच्चों को निशाना बनाते हैं। उन्हें पैसों का लालच दिया जाता है, हथियार उपलब्ध कराए जाते हैं और धीरे-धीरे हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, लूट तथा डकैती जैसी वारदातों में इस्तेमाल किया जाने लगता है। इन बच्चों को यह भरोसा भी दिलाया जाता है कि नाबालिग होने के कारण उनके खिलाफ कार्रवाई और सजा अपेक्षाकृत कम होगी। इस तरह अपराधी गिरोह बच्चों की कम उम्र और उनकी कानूनी स्थिति को अपने आपराधिक नेटवर्क की ढाल बनाने की कोशिश करते हैं।

गैंगस्टर की चमक-दमक का खतरनाक आकर्षण

किशोरों के अपराध की दुनिया में खिंचने का एक बड़ा पहलू गैंगस्टरों की झूठी शान और दिखावे से जुड़ा है। सोशल मीडिया और आपराधिक नेटवर्क में कुछ गैंगस्टरों को जिस तरह ताकतवर, रसूखदार और प्रभावशाली दिखाया जाता है, उससे प्रभावित होकर किशोर भी वैसी पहचान बनाने का सपना देखने लगते हैं। महंगे कपड़े, हथियारों का प्रदर्शन, गाड़ियों का काफिला और इलाके में दबदबे की चाह उन्हें अपराध की ओर धकेल सकती है। धीरे-धीरे यह दिखावे की दुनिया उन्हें ऐसी दलदल में पहुंचा देती है, जहां से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है।

यमुनापार से बाहरी दिल्ली तक चिंता

राजधानी के यमुनापार, दक्षिणी और बाहरी दिल्ली के विभिन्न इलाकों में किशोरों की संलिप्तता वाली हिंसक घटनाएं चिंता बढ़ा रही हैं। नवंबर के शुरुआती दो सप्ताह में नंद नगरी, बुराड़ी और महेंद्र पार्क में हत्या तथा चाकूबाजी की घटनाओं में 14 से 17 वर्ष के एक दर्जन से अधिक किशोरों की संलिप्तता सामने आने की बात रिपोर्ट में कही गई है। इन घटनाओं से साफ है कि किशोर अपराध अब केवल छोटी-मोटी चोरी या आपसी झगड़ों तक सीमित नहीं रह गया है। कई मामलों में हिंसा का स्तर और अपराध करने का तरीका बेहद गंभीर होता जा रहा है।

सुधार की राह पर दिल्ली पुलिस की पहल

किशोरों को अपराध की दुनिया से बाहर निकालने के लिए दिल्ली पुलिस और सरकार की ओर से ‘युवा’ और ‘युवा 2.0′ जैसी योजनाएं चलाई जा रही हैं। इनके माध्यम से युवाओं को कौशल प्रशिक्षण, खेल, रोजगार के अवसर और नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रमों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।’नई दिशा’ अभियान के तहत स्कूल छोड़ चुके बच्चों की पहचान कर उन्हें दोबारा शिक्षा और व्यावसायिक प्रशिक्षण से जोड़ने की पहल की जा रही है। वहीं, स्कूलों में बॉयज क्लब और ‘प्रहरी’ क्लब के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, जिम्मेदारी और सकारात्मक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

नौ किशोरों को दिल्ली से बाहर भेजा

गंभीर और बार-बार अपराधों में शामिल किशोरों को पुरानी संगत और आपराधिक माहौल से दूर रखने के लिए ‘दिल्ली आउट’ पहल भी चलाई जा रही है। रिपोर्ट के अनुसार, पिछले छह महीने में हत्या और आपराधिक साजिश जैसे मामलों में शामिल नौ नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के आदेश और परिजनों की सहमति से दिल्ली से बाहर उनके रिश्तेदारों के पास भेजा गया।
इसके अलावा बाल देखभाल संस्थानों से 18 वर्ष की उम्र पूरी कर बाहर आने वाले युवाओं के लिए आफ्टरकेयर योजना के तहत आर्थिक सहायता, उच्च शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण और रोजगार से जोड़ने का प्रावधान है।

सिर्फ पुलिस नहीं, पूरे समाज की जिम्मेदारी

किशोर अपराध की चुनौती का समाधान केवल गिरफ्तारी और निगरानी से संभव नहीं है। परिवारों को बच्चों की संगत और गतिविधियों पर ध्यान देना होगा। स्कूल छोड़ने वाले बच्चों की समय रहते पहचान करनी होगी। सोशल मीडिया पर अपराधियों के महिमामंडन को रोकने, खेल और कौशल विकास के अवसर बढ़ाने तथा जोखिम में जी रहे बच्चों को मानसिक और सामाजिक सहयोग देने की जरूरत है। किशोर न्याय व्यवस्था का उद्देश्य बच्चों को सुधार का अवसर देना है, लेकिन इस व्यवस्था का दुरुपयोग कर उन्हें अपराध का मोहरा बनाने वाले गैंगस्टरों पर भी सख्त कार्रवाई जरूरी है। आखिर बच्चों का भविष्य किसी गैंगस्टर की सल्तनत का हिस्सा नहीं बन सकता।

 

Reported By: Pankaj Rai 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here