दिल्ली में अतिक्रमण पर बुलडोजर एक्शन: पीली कोठी-पुल मिठाई के बाद खारी बावली भी कब्जामुक्त

0
4

नई दिल्ली: पुरानी दिल्ली की ऐतिहासिक गलियों में वर्षों से जमे अवैध कब्जों के खिलाफ अब बुलडोजर एक्शन शुरू हो गया है। खारी बावली से लेकर पुल मिठाई तक अतिक्रमण के खिलाफ हुई लगातार दो दिनों की कार्रवाई ने कब्जा करने वालों में खलबली मचा दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सख्त निर्देशों के बाद पुलिस और दिल्ली नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई ने उन स्थायी अवैध कब्जों को हटाया, जो कथित तौर पर पिछले 30 से 40 वर्षों से इलाके की सड़कों और सार्वजनिक रास्तों पर जमे हुए थे।

बैठक में उठा पुरानी दिल्ली का मुद्दा

इस कार्रवाई की पटकथा 20 नवंबर को इंद्रप्रस्थ विरासत पुनर्विकास निगम की बैठक में तैयार हुई। चांदनी चौक के सांसद प्रवीण खंडेलवाल के नेतृत्व में दिल्ली भाजपा के मीडिया प्रमुख एवं चांदनी चौक नागरिक मंच के महासचिव प्रवीण शंकर कपूर, निगम पार्षद सुमन कुमार गुप्ता और चांदनी चौक भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गर्ग ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सामने पुरानी दिल्ली की गंभीर समस्याएं रखीं।

मुख्यमंत्री ने दिए तत्काल कार्रवाई के आदेश

बैठक में चांदनी चौक, खारी बावली, स्टेशन रोड और पुल मिठाई सहित पूरे पुराने शहर में अवैध कब्जों तथा बेतरतीब रिक्शा संचालन से पैदा हो रही समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर मौजूद पुलिस और नगर निगम के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

दो दिन में दो बड़े एक्शन

मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद पहले पीली कोठी-पुल मिठाई क्षेत्र में बुलडोजर कार्रवाई की गई। इसके बाद 22 नवंबर को खारी बावली में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। इन कार्रवाइयों के जरिए दशकों से सार्वजनिक रास्तों पर बने अवैध कब्जों को हटाने की पहल की गई।

नागरिक मंच ने मुख्यमंत्री का किया अभिनंदन

खारी बावली को अतिक्रमण मुक्त कराने पर प्रवीण शंकर कपूर ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का आभार जताया। चांदनी चौक नागरिक मंच के महासचिव के रूप में उन्होंने मुख्यमंत्री का अभिनंदन करते हुए कहा,आपने असंभव को संभव कर दिखाया है।

कब्जा माफिया को दो टूक संदेश

दिल्ली भाजपा के मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि पुरानी दिल्ली में दो दिनों के भीतर दो निर्णायक कार्रवाइयों ने अवैध कब्जा करने वालों को स्पष्ट संदेश दे दिया है कि सार्वजनिक रास्तों पर कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनका संदेश था— खुद हट जाओ, वरना हम हटाएंगे।

पुरानी दिल्ली की तंग गलियों को अतिक्रमण से राहत दिलाने की यह पहल अब शहर में एक बड़ी मिसाल के रूप में देखी जा रही है। स्थानीय नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही मांग पर हुई इस कार्रवाई से यातायात और पैदल आवागमन को बेहतर बनाने की उम्मीद जगी है।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here