महिला मित्र से मिलने गया था कारोबारी का बेटा, अपार्टमेंट के नीचे मिला शव; 'Don't Come' मैसेज ने बढ़ाया शक

0
13

नई दिल्ली: कानपुर के बिठूर में शनिवार को 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव रुद्रा ग्रीन्स अपार्टमेंट के नीचे मिला। बताया गया कि वह छठी मंजिल से गिरा था। मृतक की पहचान आरके नगर निवासी संभव खंडेलवाल के रूप में हुई है। वह शहर के कागज कारोबारी विशाल खंडेलवाल का इकलौता बेटा था। संभव अपनी महिला मित्र से मिलने उसके फ्लैट पर गया था। घटना को लेकर दोनों परिवारों के अलग-अलग दावे हैं। लड़की के परिजन इसे हादसा बता रहे हैं, जबकि संभव के परिवार ने मारपीट के बाद उसे नीचे गिराए जाने की आशंका जताई है।

परिवार के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे संभव कार से घर से निकला था। उसने दोस्त से मिलने जाने की बात कही थी। करीब डेढ़ घंटे बाद परिजनों को फोन आया कि वह अपार्टमेंट की छठी मंजिल से गिरकर घायल हो गया है और उसे पारस अस्पताल ले जाया गया है। परिवार वहां पहुंचा तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

लड़की के मामा ने बताया कैसे हुआ हादसा

अपार्टमेंट के टावर-2 की छठी मंजिल पर रहने वाला परिवार मेटल कारोबार से जुड़ा है। लड़की के मामा के मुताबिक, संभव और उनकी भांजी दोस्त थे। वह पहले भी उससे मिलने फ्लैट पर आता था। दिवाली की छुट्टियों में युवती मुंबई से कानपुर आई हुई थी। मामा ने बताया कि घटना के समय घर में वह, उनकी भांजी और भांजा मौजूद थे। इसी दौरान संभव और छोटा बच्चा बॉल से खेलने लगे। गेंद बालकनी की ओर चली गई। उसे उठाने के लिए संभव आगे बढ़ा तो उसका पैर दिवाली के दीयों से गिरे तेल पर पड़ गया। मामा का दावा है कि पैर फिसलने से संतुलन बिगड़ा और वह नीचे गिर गया। घरवाले उसे अस्पताल ले गए, लेकिन जान नहीं बच सकी।

चोट के निशान देखकर परिजनों ने उठाए सवाल

संभव के परिवार का कहना है कि उसके दाहिने पैर पर रगड़ के निशान थे। कमर, पीठ और हाथ पर भी खरोंच दिखाई दीं। उन्हें शक है कि गिरने से पहले उसके साथ मारपीट हुई थी। परिजनों ने मोबाइल में दोनों के बीच बातचीत का डेटा डिलीट होने की बात भी कही। उनके अनुसार, दोपहर करीब दो बजे लड़की ने आखिरी मैसेज ‘Don’t Come’ भेजा था। परिवार इन बातों के आधार पर संभव को धक्का दिए जाने का आरोप लगा रहा है।

सूचना पर एसीपी कल्याणपुर दिलीप सिंह पुलिस और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने फ्लैट और घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here