वृंदावन: धार्मिक नगरी वृंदावन में परिक्रमा लगाने आई 17 वर्षीय किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। इस पर किशोरी के भाई ने एक युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का संदेह जताते हुए वृंदावन कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करने के साथ ही किशोरी की तलाश तेज कर दी है।
पानी लेने गई थी, काफी देर तक नहीं लौटी
अलीगढ़ जिले के इगलास थाना क्षेत्र के गांव मोजीपुर निवासी सचिन कुमार के अनुसार, 12 नवंबर को उसकी बहन अपनी चाची और बड़ी बहन के साथ वृंदावन परिक्रमा लगाने आई थी। परिक्रमा के दौरान चाची और बड़ी बहन आगे बढ़ गईं, जबकि किशोरी पानी लेने के लिए चली गई। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की और संभावित स्थानों पर जानकारी जुटाई, लेकिन किशोरी का कहीं पता नहीं चला।
गांव के युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का शक
काफी प्रयास के बाद भी किशोरी की जानकारी नहीं मिलने पर भाई सचिन ने गांव के ही बालकृष्ण पर उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का संदेह जताया है। उसने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बहन अचानक लापता हुई है और उसे आशंका है कि उक्त युवक उसे अपने साथ ले गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि किशोरी की बरामदगी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
Reported By: Prem Kaushik












