वृंदावन: भगवान श्रीकृष्ण और भगवान श्रीराम को लेकर दिए गए बयान के बाद विवादों में आए बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने वृंदावन पहुंचकर एक बार फिर अपने तेवर दिखाए। शनिवार को पहली बार विवाद के बाद वृंदावन आए शास्त्री ने अपने विरोधियों पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हिंदुत्व की बात करने पर विरोध और आलोचना से वह पीछे हटने वाले नहीं हैं। हिंदुत्व के लिए उनका संकल्प अडिग है और इसके लिए गाली ही नहीं, गोली खाने को भी तैयार हैं।
श्रीकृष्ण-श्रीराम में भेद नहीं, बयान पर दी सफाई
समाजसेवी महावीर प्रसाद मानसिंगका के शताब्दी वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित धार्मिक समारोह में शामिल होने पहुंचे धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण और भगवान श्रीराम में भेद करने का कोई प्रश्न ही नहीं उठता। उनकी भाषा में त्रुटि हो सकती है, लेकिन भाव में कोई कमी नहीं है। उन्होंने अपने बयान को लेकर उठे विवाद पर सफाई देते हुए विरोध करने वालों को भी खुली चुनौती दी। शास्त्री ने कहा कि वह ब्रज और वृंदावन आते रहते हैं। इस बार उनका मन उन लोगों को देखने का था, जो सोशल मीडिया पर श्रीकृष्ण भक्त होने का दावा करते हुए विरोध कर रहे थे।
औरंगजेब के संदर्भ में विरोधियों पर साधा निशाना
उन्होंने श्रीकृष्ण जन्मभूमि का नाम लिए बिना मुगल शासक औरंगजेब के संदर्भ में भी टिप्पणी की। कहा कि सोशल मीडिया पर विरोध करने वाले लोग एक पोस्ट उस कलंक के खिलाफ भी लिखकर दिखाएं। उनका निशाना उन लोगों पर था, जो उनके बयान को लेकर लगातार सवाल उठा रहे हैं, लेकिन हिंदुत्व से जुड़े मुद्दों पर उनकी सक्रियता नजर नहीं आती।
हिंदू समाज की एकजुटता पर दिया जोर
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि हिंदुत्व की रक्षा का रास्ता आसान नहीं है। इस मार्ग पर जोखिम भी हैं और जख्म भी सहने पड़ते हैं। जातिवाद की राजनीति करने वाले लोग उन्हें पसंद नहीं करेंगे, लेकिन इससे उनके संकल्प पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जब हिंदू ही नहीं बचेंगे तो मंदिर, देवालय और तीर्थस्थल कैसे सुरक्षित रहेंगे। इसलिए समय की सबसे बड़ी जरूरत हिंदू समाज की एकजुटता है। उन्होंने जातिगत भेदभाव समाप्त करने का आह्वान करते हुए कहा कि जाति-पांत की करो विदाई, हम सब हिंदू भाई-भाई।
बांकेबिहारी मंदिर में किए दर्शन और पूजा-अर्चना
अपने संबोधन में उन्होंने दोहराया कि उनका जीवन हिंदू, हिंदुत्व और हिंदुस्तान के लिए समर्पित है। इसके लिए किसी भी तरह की चुनौती का सामना करने को तैयार हैं। देर शाम धीरेंद्र शास्त्री ने ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर पहुंचकर दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने अपने आराध्य के प्रति श्रद्धा प्रकट की। उनके वृंदावन आगमन और बयान को लेकर धार्मिक नगरी में दिनभर चर्चा बनी रही।
Reported By: Prem Kaushik












