नई दिल्ली: मशहूर ट्रैवल यूट्यूबर पैसेंजर परमवीर अक्सर अपनी अनोखी यात्राओं से लोगों को चौंकाते रहते हैं। इस बार वो सऊदी अरब की यात्रा पर थे और वहां से इस्लाम के दूसरे सबसे पवित्र शहर मदीना जा पहुंचे। उन्होंने अपनी इस पूरी यात्रा का वीडियो अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किया है। इसमें उन्होंने बहुत ही दिलचस्प तरीके से बताया है कि एक गैर-मुस्लिम यात्री के लिए मदीना में कहां तक जाने की इजाजत है।
उनके व्लॉग की शुरुआत मदीना रेलवे स्टेशन से होती है। स्टेशन पर कदम रखते ही परमवीर के सामने पहली चुनौती आ गई। जब उन्होंने बाहर निकलकर स्थानीय लोगों से आगे जाने का रास्ता पूछा, तो ज्यादातर लोग हैरान रह गए। परमवीर बताते हैं कि लोग अचरज में थे कि एक गैर-मुस्लिम होकर वो यहां तक कैसे पहुंच गए। कुछ लोगों ने तो यहां तक कह दिया कि वो रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट के अलावा शहर में कहीं और जा ही नहीं सकते। इसके बाद परमवीर ने स्थानीय पुलिस से मदद मांगी, लेकिन भाषा की दिक्कत की वजह से बात नहीं बन पाई। आखिरकार उन्हें पाकिस्तान के इमरान भाई मिले, जो वहां टूर गाइड का काम करते हैं। इमरान ने उनकी बड़ी मदद की और बताया कि नियम अब पहले जैसे कड़े नहीं हैं।
नियमों में बदलाव और तय सीमा तक यात्रा
इमरान ने परमवीर को बताया कि अब काफी बदलाव आ चुका है। इटली और दूसरे देशों से आने वाले ईसाई पर्यटक भी यहां आते हैं। अगर इतिहास की बात करें तो साल 2021 तक गैर-मुस्लिमों को मदीना के सिटी सेंटर यानी अल हराम में आने की भी अनुमति नहीं थी। लेकिन 2021 में सऊदी सरकार ने नियमों में ढील दी। अब गैर-मुस्लिम पर्यटक हज के सीजन को छोड़कर बाकी दिनों में शहर के इस हिस्से तक आ सकते हैं। हालांकि परमवीर ने सुरक्षा और धार्मिक मर्यादा को ध्यान में रखते हुए कोई भी जोखिम न लेने का फैसला किया।
ग्रीन फेंस तक का अनुभव और वापसी
टैक्सी लेकर परमवीर मदीना शहर के मुख्य हिस्से की तरफ बढ़े, जहां बिलाल मस्जिद और मुख्य अल मस्जिद अन नबावी यानी पैगंबर की मस्जिद स्थित है। वहां का नजारा बेहद खूबसूरत था। दुनिया के हर कोने से मध्य एशिया, अफ्रीका और यूरोप से आए जायरीनों की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। घूमते हुए परमवीर उस आखिरी सीमा तक पहुंचे जिसे ग्रीन फेंस कहा जाता है। उन्होंने दिखाया कि इस हरी बाड़ के आगे गैर-मुस्लिमों का जाना सख्त मना है। इसी बाड़ के बाहर खड़े होकर उन्होंने पैगंबर की ऐतिहासिक मस्जिद की भव्यता को कैमरे में कैद किया और दर्शकों से अपना अनुभव साझा किया। मदीना कभी इस्लाम की पहली राजधानी हुआ करता था और आज यह पूरी दुनिया के लिए शांति और आध्यात्मिकता का एक बड़ा केंद्र है। परमवीर ने बेहद ही आदर और सम्मान के साथ इस पवित्र शहर का दौरा पूरा किया और अपनी वापसी की ट्रेन पकड़ने के लिए वापस स्टेशन की ओर निकल पड़े।












