नई दिल्ली: अंधेरे का फायदा उठाकर सड़क पर राहगीरों को निशाना बनाने वाले दो शातिर लुटेरों के खेल पर नंद नगरी थाना पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। जीटीबी अस्पताल रेडलाइट के पास तड़के डिलीवरी बॉय से मोबाइल फोन और पर्स झपटकर फरार हुए दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से झपटा गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी भी बरामद कर ली है।
डिलीवरी राइडर से झपटमारी, FIR दर्ज
नॉर्थ ईस्ट जिला डीसीपी राहुल अलवाल ने बताया कि जीटीबी अस्पताल रेडलाइट के पास रोड नंबर-68 पर झपटमारी की वारदात हुई थी। पीड़ित मोहम्मद अरमान (24), जो जेप्टो में डिलीवरी राइडर है, तड़के करीब 4:05 बजे दिलशाद गार्डन से नंद नगरी की ओर जा रहा था। इसी दौरान स्कूटी सवार दो बदमाशों ने उसे रोककर मोबाइल फोन और पर्स छीन लिया और मौके से फरार हो गए। शिकायत पर एफआईआर संख्या 681/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2)/3(5) में मामला दर्ज किया गया।
सीसीटीवी और मुखबिरों की मदद से आरोपी गिरफ्तार
वारदात को सुलझाने के लिए थाना प्रभारी इंस्पेक्टर आनंद यादव के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल सचिन, सुनील और जितेंद्र की विशेष टीम बनाई गई। एसीपी नंद नगरी गौरव कुमार त्रिपाठी, आईपीएस की निगरानी में टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों से मिले इनपुट के आधार पर अमन उर्फ बंदर (26) और अश्वनी उर्फ पंकज उर्फ सोनू (33) को दबोच लिया। जांच में सामने आया कि अमन पर पहले से 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि अश्वनी आठ मामलों में संलिप्त रहा है। अश्वनी नंद नगरी थाने का घोषित बदमाश भी है। आरोपी के कब्जे से एक झपटा गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर आगे की जांच कर रही है।
Reported By: Pankaj Rai











