रतिया: पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में नशा तस्करी के खिलाफ जारी कार्रवाई के तहत थाना शहर रतिया पुलिस ने 3 किलो 700 ग्राम गांजा बरामदगी के मामले में मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अमरजीत उर्फ भगत पुत्र पाला राम, निवासी गांव पालसर, जिला फतेहाबाद के रूप में हुई है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
2 अक्टूबर को गश्त के दौरान गांजा बरामद
थाना शहर रतिया प्रभारी उपनिरीक्षक प्रवीण ने बताया कि 2 अक्टूबर 2026 को अपराध जांच शाखा रतिया की टीम एएसआई रामकुमार के नेतृत्व में रामनगर कॉलोनी के नजदीक गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को देखकर एक व्यक्ति प्लास्टिक का कट्टा लेकर वापस मुड़ने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने उसे काबू किया। उसकी पहचान रामकुमार निवासी गांव बोस्ती, जिला फतेहाबाद के रूप में हुई। नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 3 किलो 700 ग्राम गांजा बरामद हुआ था।
मुकदमा दर्ज, मुख्य सप्लायर से पूछताछ जारी
इस संबंध में थाना शहर रतिया में मुकदमा न0 211 दिनांक 02.10.2026, एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20B-27A-61-85 के तहत मामला दर्ज किया गया था।मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए थाना शहर रतिया पुलिस ने अब मुख्य सप्लायर अमरजीत उर्फ भगत को गिरफ्तार किया है। आरोपी से नशा सप्लाई के नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जा रही है।












