ऑपरेशन मिलाप’ से फिर मिला परिवार का सहारा, आधे घंटे में 8 वर्षीय मासूम को परिजनों से मिलाया

0
11

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की संवेदनशीलता, तत्परता और मानवीय सेवा का एक और सराहनीय उदाहरण रोहिणी जिले के दक्षिण रोहिणी थाना क्षेत्र में देखने को मिला। यहां पुलिस ने अपनी सूझबूझ, त्वरित कार्रवाई और बेहतर तालमेल के दम पर परिवार से बिछड़े आठ वर्षीय मासूम बच्चे को महज आधे घंटे के भीतर उसके परिजनों से मिला दिया। ‘ऑपरेशन मिलाप’ के तहत हुई इस कार्रवाई से जहां एक परिवार की चिंता और बेचैनी खत्म हुई, वहीं दिल्ली पुलिस के मानवीय चेहरे की भी झलक देखने को मिली।

तिरंगा पार्क के पास अकेला मिला मासूम

रोहिणी जिला डीसीपी शशांक जायसवाल ने बताया कि दक्षिण रोहिणी थाना पुलिस को पीसीआर के माध्यम से सूचना मिली कि दिल्ली के दक्षिण रोहिणी इलाके के गांव मंगोलपुर कलां स्थित तिरंगा पार्क के पास करीब आठ वर्ष का एक बच्चा अकेला और बिना किसी देखरेख के मिला है। सूचना मिलते ही दक्षिण रोहिणी थाना पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने बिना समय गंवाए बच्चे को अपने संरक्षण में लिया और उसकी पहचान तथा परिवार का पता लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी।

आधे घंटे में पुलिस ने खोज निकाला परिवार

मामले की गंभीरता को देखते हुए दक्षिण रोहिणी थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तेजी से मोर्चा संभाला। टीम में उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार और सिपाही विकास शामिल थे। सहायक पुलिस आयुक्त रोहिणी बृज मोहन मीणा के पर्यवेक्षण में टीम ने योजनाबद्ध तरीके से बच्चे के परिवार का पता लगाने के प्रयास शुरू किए। पुलिस टीम ने पीसीआर कर्मियों की सहायता, स्थानीय स्तर पर मानवीय सूचना तंत्र, तकनीकी निगरानी और क्षेत्र की आरडब्ल्यूए के सदस्यों के साथ समन्वय स्थापित किया। इन सभी प्रयासों का नतीजा यह रहा कि पुलिस ने महज आधे घंटे के भीतर बच्चे के घर और उसके परिजनों की पहचान कर ली। आवश्यक सत्यापन और बच्चे की उचित काउंसलिंग के बाद उसे सुरक्षित उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया।

रोहिणी जिला पुलिस उपायुक्त शशांक जायसवाल के नेतृत्व में जिला पुलिस बच्चों की सुरक्षा और कल्याण को लेकर लगातार प्रयासरत है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं कोई बच्चा अकेला, भटका हुआ या संदिग्ध परिस्थितियों में दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। समय पर मिली सूचना किसी मासूम को उसके परिवार से मिलाने में बेहद अहम साबित हो सकती है।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here