भारत समिट 2026: राहुल गांधी के विरोध पर तेलंगाना BJP अध्यक्ष नजरबंद, कांग्रेस सरकार पर लगाया आवाज दबाने का आरोप

0
13

नई दिल्ली: तेलंगाना में भारत समिट 2026 को लेकर सियासी विवाद खड़ा हो गया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के कार्यक्रम में शामिल होने का विरोध कर रहे तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंदर राव को शनिवार को हैदराबाद स्थित उनके आवास पर नजरबंद कर दिया गया। भाजपा की तेलंगाना इकाई के राज्य जनसंपर्क अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।

रामचंदर राव ने भारत समिट को रद्द करने की मांग की थी और इसमें राहुल गांधी की भागीदारी पर भी आपत्ति जताई थी। उन्हें हैदराबाद के तरनाका स्थित उनके आवास पर नजरबंद किया गया। इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कांग्रेस सरकार पर भाजपा की आवाज दबाने के लिए अवैध तरीके से हिरासत में लेने का आरोप लगाया।

एक्स पर जताई नाराजगी

रामचंदर राव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि अवैध तरीके से नजरबंद करके भाजपा को नहीं रोका जा सकता। उन्होंने राहुल गांधी के तेलंगाना दौरे पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें राज्य में कदम रखने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने हैदराबाद में आयोजित भारत समिट को ‘भारत विरोधी समिट’ करार दिया। उनका आरोप है कि इस कार्यक्रम से देश की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच रहा है।

कांग्रेस पर वादे न पूरे करने का आरोप

रामचंदर राव ने कांग्रेस पर चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा नहीं करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार छह गारंटी, जॉब कैलेंडर और रायथु बंधु योजना को लागू करने में नाकाम रही है। उन्होंने अपने बयान में प्रोग्रेसिव अलायंस पर भी गंभीर आरोप लगाए। रामचंदर राव के मुताबिक, यह गठबंधन विदेशी ताकतों के साथ मिलकर भारत में सत्ता परिवर्तन की साजिश कर रहा है।

तेलंगाना में क्या बोले राहुल गांधी?

दूसरी तरफ, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को तेलंगाना सरकार की ओर से गिग कामगारों के कल्याण के लिए बनाए गए कानून को श्रमिकों को समर्पित किया तथा उन्हें अर्थव्यवस्था की नींव और विकास में साझेदार बताया। भाजपा पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि भाजपा-आरएसएस की विचारधारा का उद्देश्य ‘अडाणी और अंबानी’ जैसे बड़े पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाना है, जबकि श्रमिकों के साथ बंधुआ मजदूरों जैसा व्यवहार करना है।

राहुल गांधी ने यहां गिग कामगारों के साथ बाइक रैली में हिस्सा लेने के बाद उन्हें संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने गिग कामगारों को सामाजिक सुरक्षा और संरक्षण देने का वादा पूरा किया है। उन्होंने कहा कि इस कानून के तहत गिग कामगारों को पांच लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा मिलेगा। इसके अलावा, सरकार वाई-फाई की सुविधा से लैस विश्राम केंद्र भी उपलब्ध कराएगी। इस अवसर पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी, उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी और कांग्रेस के अन्य नेता मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here