चेन्नई: नशे के काले कारोबार पर शिकंजा कसते हुए नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की चेन्नई जोनल यूनिट ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। टीम ने प्लास्टिक की बोतलें और डिब्बे बनाने वाली फैक्ट्री की आड़ में छिपाकर रखे गए 50 किलोग्राम स्यूडोएफेड्रिन रसायन को बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में पिता-पुत्र भी शामिल हैं। बरामद रसायन की अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है।
NCB के मुताबिक 12 नवंबर को एमकेबी नगर स्थित अन्नई इंद्रा नगर में एम/एस एएन एंटरप्राइजेज नाम से संचालित फैक्ट्री में छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान दो बोरियों में छिपाकर रखा गया रसायन मिला। प्रत्येक बोरी में लगभग 25 किलोग्राम स्यूडोएफेड्रिन भरा हुआ था। इसकी कीमत करीब दो लाख रुपये प्रति किलोग्राम आंकी गई है।
हैदराबाद से आया था नशे का कच्चा माल
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि बरामद खेप हैदराबाद से मंगाई गई थी। जांच एजेंसी को आशंका है कि इस रसायन को अवैध रूप से विदेश भेजकर मेथामफेटामाइन जैसे खतरनाक नशीले पदार्थ के निर्माण में इस्तेमाल किया जाना था। ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड तक फैले अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
अब नेटवर्क के सरगनाओं की तलाश
स्यूडोएफेड्रिन और एफेड्रिन ऐसे रसायन हैं, जिनका इस्तेमाल अवैध नशीले पदार्थ बनाने में किया जा सकता है। NCB की टीम अब आरोपियों के संपर्कों, खेप के स्रोत और विदेशी गंतव्य का पता लगाने में जुटी है। NCB ने नशा तस्करी की सूचना देने के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1933 (मानस) जारी की है। एजेंसी ने नशामुक्त भारत के संकल्प के तहत ऐसी कार्रवाई जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई है।
Reported By: Pankaj Rai









