एक करोड़ रोजगार, 10 करोड़ आयुष्मान कार्ड और 20 रोपवे, सम्राट चौधरी ने बताया बिहार का विकास रोडमैप

0
13

पटना: बिहार की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने साफ कर दिया है कि उनकी प्राथमिकता विपक्ष के बयानों का जवाब देना नहीं, बल्कि विकास योजनाओं को जमीन पर उतारना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लालू यादव या प्रशांत किशोर से उनकी कोई निजी लड़ाई नहीं है। उनके मुताबिक, विरोध करना विपक्ष का काम है, जबकि सरकार की जिम्मेदारी काम करके दिखाना है।

सम्राट चौधरी ने कहा कि वह राजनीतिक विरोधियों की बातों में उलझने के बजाय बिहार के विकास के लक्ष्य पूरे करने पर ध्यान दे रहे हैं। उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह, लालू यादव और कर्पूरी ठाकुर के अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान तथा पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के काम और विचारों से प्रेरणा मिलती है। शुक्रवार को अपने कार्यालय कक्ष में दैनिक जागरण से विशेष बातचीत में मुख्यमंत्री ने रोजगार, उद्योग, कृषि, पर्यटन, ऊर्जा और सामाजिक कल्याण से जुड़ा रोडमैप साझा किया। उन्होंने अगले चार वर्षों में बिहार के विकास के लिए सरकार की योजनाओं की जानकारी दी।

एक करोड़ लोगों को रोजगार देने का लक्ष्य

सरकार एक करोड़ लोगों को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य लेकर चल रही है। इसके साथ एक करोड़ राशन कार्ड और 10 करोड़ आयुष्मान कार्ड बनाने की योजना है। महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए एक लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने और 50 लाख पशु सखी तैयार करने का लक्ष्य भी रखा गया है। बिहार में औद्योगिक निवेश बढ़ाने के लिए सरकार कदम उठा रही है। राज्य में पांच सीमेंट फैक्ट्रियों का काम शुरू हो चुका है। विशेष आर्थिक क्षेत्र (एसईजेड) विकसित करने की योजना भी है। पर्यटन को अर्थव्यवस्था का मजबूत आधार बनाने के लिए 20 रोपवे बनाए जाएंगे। छठ महापर्व को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में भी काम होगा।

हर घर तक सौर ऊर्जा पहुंचाने की योजना

ऊर्जा क्षेत्र में हर घर की छत पर सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार का प्रयास है कि रोजगार, उद्योग, पर्यटन और ऊर्जा से जुड़ी योजनाओं के जरिए राज्य के विकास को गति दी जाए। अगले चार वर्षों में इन लक्ष्यों को आगे बढ़ाने पर काम किया जाएगा। सम्राट चौधरी का संदेश है कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन सरकार की पहचान उसके काम से बननी चाहिए। इसलिए वह आरोपों और बयानबाजी में समय लगाने के बजाय बिहार के विकास के एजेंडे को पूरा करने पर ध्यान दे रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here