रतिया: भारत विकास परिषद शाखा रतिया द्वारा आज अग्रवाल धर्मशाला रतिया में स्व. माता शीला देवी की श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सभा में परिषद द्वारा स्व. शीला देवी की मरणोपरांत आँखें दान करने के लिए बंसल परिवार का विशेष धन्यवाद किया गया। साथ ही प्रेरणा स्रोत रहे अग्रवाल सभा रतिया के प्रधान प्रमोद बंसल का भी आभार व्यक्त किया गया, जिनकी प्रेरणा से यह नेत्रदान संभव हुआ।
बंसल परिवार को किया सम्मानित
इस अवसर पर भाविप सदस्यों द्वारा बंसल परिवार को प्रमाण पत्र एवं नेत्रदान परिवार सम्मान भेंट कर सम्मानित किया गया।
गौशालाओं को दान, पिंगलवाड़ा के लिए जमीन देने की घोषणा
सभा में बंसल परिवार की ओर से माता शीला देवी की याद में रतिया शहर की सभी गौशालाओं को दान राशि भेंट की गई। इसके साथ ही रतिया शहर के बीचोंबीच माता शीला देवी के नाम पर पिंगलवाड़ा बनवाने के लिए 11 मरले जगह एवं 2 लाख रुपये दान करने की घोषणा की गई। परिवार ने किसी सामाजिक संस्था को अडॉप्ट करने का भी आह्वान किया, जिसे सभा में उपस्थित भारत विकास परिषद शाखा रतिया के सदस्यों ने तुरंत स्वीकार कर लिया।
परिषद के पदाधिकारी और सदस्य रहे मौजूद
इस अवसर पर शाखा के संरक्षक डॉ. नरेश गोयल, अध्यक्ष राज सिंगला, वित्त सचिव सौरव गोयल, गतिविधि संयोजक (सेवा) जनक राज गोयल, वरिष्ठ सदस्य विजय गोयल सी.ए., धर्मवीर ललित, सुरेश तनेजा सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
नेत्रदान और देहदान के लिए भरवाए जा रहे फॉर्म
गतिविधि संयोजक जनक राज गोयल ने जानकारी देते हुए बताया कि भाविप शाखा रतिया द्वारा शहर में नेत्रदान / देहदान के फार्म भरे जा रहे हैं। इच्छुक व्यक्ति फिजियोथेरेपी सेंटर नजदीक खाटू श्याम मंदिर रतिया, डी.आर. बर्तन स्टोर मेन बाजार रतिया, अजय मेडिकल हॉल, एसबीआई बैंक के सामने टोहाना रोड रतिया अथवा भारत विकास परिषद के किसी भी सदस्य से संपर्क कर फार्म भर सकते हैं। उन्होंने कहा कि पिंगलवाड़ा जैसे सेवा कार्यों के लिए भाविप शाखा रतिया के सभी सदस्य हर समय तैयार रहते हैं।












