नई दिल्ली: दिल्ली में जहरीली होती हवा ने एक बार फिर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। राजधानी के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 300 के पार पहुंच गया है, जिससे हवा बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है। ऐसे हालात में लोगों को सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन और गले में खराश जैसी परेशानियां हो सकती हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, चांदनी चौक, आईटीओ, बुराड़ी, नॉर्थ कैंपस और IIT दिल्ली समेत कई जगहों पर प्रदूषण का स्तर काफी अधिक दर्ज किया गया है।
राजधानी में सबसे खराब स्थिति चांदनी चौक की रही, जहां AQI 377 तक पहुंच गया। वहीं, IIT दिल्ली में 376, नॉर्थ कैंपस में 371, DTU में 368 और बुराड़ी क्रॉसिंग में 359 दर्ज किया गया। इसके अलावा पुसा (IITM) में 358, NSIT द्वारका में 353 और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में वायु गुणवत्ता सूचकांक 339 रहा। प्रदूषण का असर राजधानी के कई दूसरे हिस्सों में भी देखने को मिला। कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और आया नगर में AQI 337 दर्ज किया गया। वहीं, टॉकीटोरा गार्डन में 331, विवेक विहार में 324 और सरिफोर्ट में 322 रहा। इसके अलावा जहांगीरपुरी में 317, नेहरू नगर में 314, बदरपुर और बुराड़ी में 312-312 AQI रिकॉर्ड किया गया। आनंद विहार में यह आंकड़ा 303, मुंडका में 306 और आरके पुरम तथा बवाना में 301 तक पहुंच गया। इन सभी जगहों पर हवा बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की गई है।
कुछ इलाकों में 200 से 300 के बीच रहा प्रदूषण
दिल्ली के सभी इलाकों की स्थिति एक जैसी नहीं है। द्वारका सेक्टर-8 में AQI 296, अशोक विहार और रोहिणी में 295-295, जबकि IGI एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर 288 दर्ज किया गया। दूसरी ओर, दिल्ली कैंट में सबसे कम 119 AQI रिकॉर्ड हुआ। श्री अरबिंदो मार्ग में 208, लोधी रोड (IMD) में 210, कराला में 216 और वसुंधरा एन्क्लेव में 229 रहा।
कितना AQI होने पर खतरनाक हो जाती है हवा?
भारत में वायु गुणवत्ता सूचकांक को छह श्रेणियों में बांटा गया है। 0 से 50 तक AQI अच्छी, 51 से 100 संतोषजनक, 101 से 200 मध्यम, 201 से 300 खराब, 301 से 400 बेहद खराब और 401 से 500 गंभीर श्रेणी में आता है। AQI बढ़ने के साथ हवा में प्रदूषण का स्तर भी बढ़ता है। 301 से 400 के बीच की हवा लंबे समय तक संपर्क में रहने पर स्वस्थ लोगों को भी प्रभावित कर सकती है। वहीं, 401 से 500 के बीच प्रदूषण का असर और गंभीर हो सकता है। ऐसे में बच्चों, बुजुर्गों और सांस या दिल की बीमारी से परेशान लोगों को खास सावधानी बरतनी चाहिए।












