व्हाट्सऐप पर बॉस बनकर रची 50 लाख की साइबर ठगी की साजिश, आईएफएसओ ने महाराष्ट्र से दबोचे दो शातिर

0
6

नई दिल्ली: साइबर अपराधियों ने ठगी का ऐसा जाल बुना कि कंपनी के वित्त प्रबंधक को भी भनक नहीं लगी कि व्हाट्सऐप पर आदेश देने वाला उनका बॉस नहीं बल्कि एक शातिर साइबर ठग है। कंपनी के प्रबंध निदेशक का नाम और तस्वीर लगाकर जालसाज ने पहले भरोसा जीता और फिर एक ही झटके में 50 लाख रुपये खाते में ट्रांसफर करवा लिए। हालांकि, दिल्ली पुलिस की आईएफएसओ यूनिट ने तकनीकी जांच और अंतरराज्यीय कार्रवाई के जरिए इस गिरोह के दो आरोपियों को महाराष्ट्र के ठाणे से गिरफ्तार कर लिया। सबसे बड़ी कामयाबी यह रही कि ठगी गई पूरी 50 लाख रुपये की रकम अदालत के आदेश पर कंपनी को वापस दिला दी गई।

व्हाट्सऐप पर फर्जी बॉस, खाते में पहुंच गए 50 लाख

आईएफएसओ डीसीपी गौरव त्यागी ने बताया कि मामला लग्ज ऑपेरा होटल्स एंड रिसॉर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से जुड़ा है। कंपनी के वित्त प्रबंधक राजीव कुमार की शिकायत पर 21 अक्टूबर को स्पेशल सेल के आईएफएसओ थाने में ई-एफआईआर संख्या 00174/2026 दर्ज की गई। आरोपियों ने प्रबंध निदेशक की तस्वीर और नाम का इस्तेमाल कर व्हाट्सऐप पर फर्जी पहचान बनाई। यहां तक कि असली संपर्क नंबर को फोन में ब्लॉक कर अपना नंबर ‘एमडी सर’ के नाम से सेव करवा दिया। इसके बाद 16 अक्टूबर को बंधन बैंक के न्यू स्टार सोफा मेकर खाते में 50 लाख रुपये जमा करवा लिए। ठगों ने 21 अक्टूबर को 48 लाख रुपये और दूसरे खाते में भेजने का दबाव बनाया लेकिन प्रबंध निदेशक से सीधे पुष्टि होने के बाद यह रकम ट्रांसफर होने से बच गई।

तकनीकी सुरागों से महाराष्ट्र तक पहुंची पुलिस

आईएफएसओ की टीम ने बैंक खाते मोबाइल नंबर और तकनीकी साक्ष्यों की कड़ियां जोड़ते हुए जांच आगे बढ़ाई। जांच में सामने आया कि लाभार्थी खाता रज्जब अली के नाम पर खोला गया था, जो सहआरोपी समीर शेख की दुकान पर सोफा बनाने का काम करता था। पुलिस ने बैंक से जुड़ा सिम कार्ड और चेकबुक भी बरामद की। उपनिरीक्षक संजय यादव के नेतृत्व में टीम ने महाराष्ट्र के ठाणे में कार्रवाई करते हुए अंकित यादव (25) और समीर शेख (30) को 30 अक्टूबर को गिरफ्तार किया। दोनों को मीरा-भायंदर की सक्षम अदालत में पेश कर दो दिन की ट्रांजिट रिमांड हासिल की गई।

गिरोह के सरगनाओं की तलाश जारी

पूछताछ में अंकित ने कथित तौर पर सगीर और राघवेंद्र शर्मा के कहने पर समीर से बैंक खाता खुलवाने की बात बताई। समीर ने बैंक से जुड़ा सिम और खाता संचालित करने तथा बैंक किट कथित हैंडलरों को सौंपने की जानकारी दी। पुलिस इन बयानों का सत्यापन कर रही है। खाता धारक रज्जब अली और अन्य कथित हैंडलरों की तलाश जारी है। यह कार्रवाई एसीपी प्रेम चंद्र खंडूरी की निगरानी और डीसीपी-प्रथम आईएफएसओ गौरव त्यागी के नेतृत्व में की गई। डीसीपी गौरव त्यागी ने बताया कि पुलिस साइबर वित्तीय अपराधों का पर्दाफाश करने और ठगी की रकम सुरक्षित कर पीड़ितों को वापस दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। डीसीपी ने संदेश देते हुए कहा कि किसी भी वरिष्ठ अधिकारी के व्हाट्सऐप संदेश पर वित्तीय भुगतान करने से पहले उसके सत्यापित नंबर पर फोन कर पुष्टि करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here