ट्रंप के करीबी पीट हेगसेथ पर नहीं चलेगा महाभियोग! रिपब्लिकन सांसदों ने ऐसे बचाई कुर्सी

0
8

नई दिल्ली: अमेरिका में रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग चलाने की मांग को लेकर लाए गए प्रस्तावों पर मंगलवार को प्रतिनिधि सभा में मतदान हुआ, लेकिन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी के सांसदों ने एकजुट होकर इस कोशिश को नाकाम कर दिया। इस फैसले से हेगसेथ को तत्काल राहत मिल गई है और उनके पद पर बने रहने का रास्ता साफ हो गया है।

प्रतिनिधि सभा में आठ महाभियोग प्रस्तावों को रिपब्लिकन के नियंत्रण वाली हाउस ज्यूडिशियरी कमेटी के पास भेजने के पक्ष में 211 और विरोध में 204 वोट पड़े। इस फैसले के बाद हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग की प्रक्रिया आगे बढ़ने की संभावना लगभग खत्म हो गई है। इन प्रस्तावों को कमेटी के पास भेजने का प्रस्ताव केंटकी के रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी ने रखा था। दिलचस्प बात यह रही कि मैसी ही इकलौते रिपब्लिकन सांसद थे, जिन्होंने इस कदम के खिलाफ मतदान किया। उनका पहले से ही कहना था कि प्रस्तावों को कमेटी के पास भेजने का मतलब महाभियोग की कोशिश को खत्म करना होगा।

ट्रंप के समर्थन में एकजुट हुए रिपब्लिकन सांसद

यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब रिपब्लिकन पार्टी हाल ही में हुए मध्यावधि चुनावों में मिली हार के कारण दबाव में है। पार्टी के कुछ नेताओं ने चुनावी नुकसान के लिए ईरान युद्ध और इसके चलते गैस की कीमतों में हुई भारी बढ़ोतरी को जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि, इस राजनीतिक मुश्किल के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हेगसेथ का खुलकर समर्थन किया। उनके समर्थन के बाद रिपब्लिकन सांसदों का बड़ा हिस्सा रक्षा मंत्री के साथ खड़ा दिखाई दिया। सदन में आए नतीजे को भी ट्रंप के राजनीतिक प्रभाव और पार्टी के भीतर उनकी पकड़ के तौर पर देखा जा रहा है।

प्रतिनिधि सभा के फैसले के बाद ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग की कोशिश को डेमोक्रेट्स की बड़ी नाकामी बताया। ट्रंप ने लिखा कि थॉमस मैसी को छोड़कर सभी रिपब्लिकन सांसदों ने पीट हेगसेथ के समर्थन में मतदान किया। उन्होंने रक्षा मंत्री को महान अमेरिकी देशभक्त बताते हुए वेनेजुएला और ईरान में मिली सफलताओं, रिकॉर्ड सैन्य भर्ती और अमेरिकी सेना का मनोबल बढ़ाने का श्रेय भी उन्हें दिया।

अमेरिका के इतिहास में बन सकता था पहला मामला

अगर महाभियोग के प्रस्ताव आगे बढ़ते और मंजूर हो जाते, तो पीट हेगसेथ अमेरिका के इतिहास में महाभियोग का सामना करने वाले पहले रक्षा मंत्री बन सकते थे। इससे पहले 1876 में युद्ध मंत्री विलियम बेलकनाप को महाभियोग का सामना करना पड़ा था। हालांकि, हेगसेथ को मिली यह राहत लंबे समय तक कायम रहेगी या नहीं, यह कहना मुश्किल है। पिछले सप्ताह मध्यावधि चुनावों में जीत के बाद जनवरी 2027 से प्रतिनिधि सभा और सीनेट, दोनों का नियंत्रण डेमोक्रेट्स के हाथों में चला जाएगा। ऐसे में आने वाले समय में हेगसेथ के लिए राजनीतिक चुनौतियां फिर बढ़ सकती हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here