होर्मुज में बारूदी सुरंगों का जाल! तीन तेल टैंकरों को नुकसान, ईरान के दावे से बढ़ी चिंता

0
5

डिजिटल डेस्क। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले तेल टैंकरों की सुरक्षा को लेकर चिंता गहरा गई है। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कोर (IRGC) ने दावा किया है कि इस समुद्री मार्ग से गुजरने के दौरान तीन तेल टैंकर समुद्र में बिछाई गई बारूदी सुरंगों की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए। दूसरी ओर, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की सरकारी तेल कंपनी ADNOC ने भी अपने एक जहाज पर हमले की पुष्टि की है। इसके अलावा ओमान के तट के नजदीक एक अन्य टैंकर पर अज्ञात वस्तु से हमला किए जाने की खबर है। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से खाड़ी क्षेत्र में समुद्री व्यापार और तेल आपूर्ति की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

तीसरे टैंकर में जोरदार धमाका, आग लगने का दावा

IRGC की नौसेना के मुताबिक, एक तेल टैंकर होर्मुज स्ट्रेट से ऐसे समुद्री रास्ते से गुजरने की कोशिश कर रहा था, जिसकी अनुमति ईरान की ओर से नहीं दी गई थी। इसी दौरान जहाज समुद्र में बिछाई गई बारूदी सुरंग से टकरा गया और उसमें जोरदार विस्फोट हो गया।

ईरानी सेना के बयान के अनुसार, धमाके के बाद टैंकर के पूर्वी हिस्से में आग लग गई। आग की वजह से उठे घने धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दिया। हालांकि, ईरान की ओर से जारी जानकारी में जहाज का नाम, उसकी पहचान और उस पर सवार चालक दल के सदस्यों की स्थिति के बारे में कोई विवरण नहीं दिया गया।

अमेरिकी रडार और नेविगेशन सिस्टम नष्ट होने का दावा

IRGC ने एक अन्य दावा करते हुए कहा है कि होर्मुज स्ट्रेट के दक्षिणी हिस्से में अमेरिकी सेना के तटीय रडार और जहाजों को दिशा बताने वाले नेविगेशन सिस्टम नष्ट हो चुके हैं। ईरानी सेना के मुताबिक, इन प्रणालियों के निष्क्रिय होने के कारण कुछ टैंकर अब ऐसे समुद्री रास्तों से गुजरने की कोशिश कर रहे हैं, जिन्हें ईरान ने मंजूरी नहीं दी है। इससे उनके बारूदी सुरंगों की चपेट में आने का खतरा बढ़ गया है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि सामने नहीं आई है।

पहले भी दो तेल टैंकरों में विस्फोट होने की बात कही थी

ईरान की IRGC नौसेना इससे पहले भी दो अन्य तेल टैंकरों में विस्फोट और आग लगने का दावा कर चुकी है। उसके अनुसार, ये दोनों जहाज भी प्रतिबंधित या गैर-अनुमोदित समुद्री रास्ते से गुजरने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान उनमें धमाके हुए और आग लग गई।

ईरान ने इन जहाजों के नाम, उनके मालिकों और संबंधित देशों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। पिछले कुछ सप्ताहों में तेहरान की ओर से होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों में आग लगने की कई घटनाओं का जिक्र किया गया है। इनमें से कुछ घटनाओं के लिए ईरान ने समुद्र में बिछाई गई बारूदी सुरंगों को जिम्मेदार ठहराया है।

अमेरिका के बारूदी सुरंगें हटाने के दावे पर उठे सवाल

इन घटनाओं के बाद अमेरिकी सेना के उस बयान पर भी चर्चा तेज हो गई है, जिसमें उसने हाल ही में होर्मुज स्ट्रेट से सभी बारूदी सुरंगें हटाए जाने की बात कही थी। इसके विपरीत ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स लगातार दावा कर रहे हैं कि इस समुद्री मार्ग में अब भी बारूदी सुरंगें मौजूद हैं। दोनों पक्षों के विरोधाभासी दावों के बीच समुद्री रास्ते की वास्तविक सुरक्षा स्थिति को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।

अमेरिकी सैन्य अभियानों की जिम्मेदारी संभालने वाली यूएस सेंट्रल कमांड ने पिछले महीने कहा था कि गर्मियों से लेकर अब तक उसने खाड़ी देशों को होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते 1.5 अरब बैरल तेल का निर्यात करने में सहायता प्रदान की है। ऐसे में इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग पर बढ़ती घटनाएं अंतरराष्ट्रीय तेल आपूर्ति और व्यापारिक जहाजों की आवाजाही के लिए चिंता का विषय बन गई हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here