16 साल तक पुलिस को देता रहा चकमा, आखिरकार क्राइम ब्रांच के शिकंजे में आया उम्रकैद का फरार कैदी

0
10

नई दिल्ली: कानून के शिकंजे से बचने के लिए उसने 16 साल तक अपनी पहचान और ठिकाने बदलते हुए पुलिस को चकमा दिया, लेकिन आखिरकार दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने उसकी फरारी का खेल खत्म कर दिया। हत्या और डकैती के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा 61 वर्षीय उदयबीर सिंह को अंतरराज्यीय प्रकोष्ठ (आईएससी) की टीम ने उत्तर प्रदेश के हापुड़ स्थित मसूरी-गुलावटी औद्योगिक क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

1997 की हत्या और डकैती का मामला

क्राइम ब्रांच डीसीपी आदित्य गौतम ने बताया कि वर्ष 1997 में पश्चिम विहार पूर्व थाना क्षेत्र के भेरा एन्क्लेव में तीन बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया था। पीछा करने पर बदमाशों ने दो भाइयों पर हमला किया जिसमें गोली लगने से मंदीप की मौत हो गई। इसके बाद राहगीर से चाकू की नोक पर स्कूटी लूटकर आरोपी फरार हो गए। वर्ष 2001 में अदालत ने उदयबीर समेत तीनों आरोपियों को उम्रकैद की सजा सुनाई।

पैरोल पर भागने और गिरफ्तारी का विवरण

वर्ष 2010 में बेटे की मौत के बाद उदयबीर को एक महीने की पैरोल मिली, लेकिन वह जेल वापस नहीं लौटा। उसने पुश्तैनी संपत्ति बेच दी और लगातार ठिकाने बदलता रहा। पुलिस के अनुसार वर्ष 2021 में हापुड़ के पिलखुवा थाने में उसके खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के दो मुकदमे भी दर्ज हुए। पिछले तीन-चार महीनों से उसकी तलाश में जुटी टीम ने हेड कांस्टेबल सोनू तोमर की सूचना पर कार्रवाई की। निरीक्षक मनमीत मलिक के नेतृत्व और एसीपी रमेश लांबा की निगरानी में उपनिरीक्षक नरेश कुमार, राजीव कुमार, सुनील पंवार तथा हेड कांस्टेबल सोनू तोमर, सुनील ढाका और राजेश कुमार ने 23 अक्टूबर 2026 को उसे दबोच लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here