दिवाली के बाद ठंड ने दी दस्तक, 3 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, पहाड़ों पर बर्फबारी के आसार

0
11

नई दिल्ली: दिवाली के बाद अब देशभर में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। उत्तर भारत में सुबह और शाम के समय तापमान में गिरावट महसूस हो रही है, जबकि कई राज्यों में मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बारिश की चेतावनी जारी की है। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी होने की भी संभावना है। वहीं, दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में भारी बारिश लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। मैदानी इलाकों में तेज हवाएं चलने से ठंड का असर और बढ़ने के आसार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, 10 नवंबर को केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में भारी बारिश हो सकती है। इन राज्यों के तटीय इलाकों में तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर तेज बारिश की आशंका भी जताई गई है। वहीं, मैदानी इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है।

उत्तर प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम

उत्तर प्रदेश में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। प्रदेश के दोनों हिस्सों यानी पश्चिमी और पूर्वी यूपी में 10 नवंबर को मौसम शुष्क बना रहेगा। दिन के समय धूप निकलने से लोगों को राहत मिलेगी, लेकिन सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस होगी। राज्य में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। तेज हवाओं के कारण आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है।

दिल्ली और बिहार में मौसम का हाल

दिल्ली में दिवाली के बाद प्रदूषण का स्तर लोगों की चिंता बढ़ा रहा है। हालांकि, उत्तर दिशा से आने वाली हवाओं के चलते प्रदूषण में कमी आने की उम्मीद है। राजधानी में अगले चार दिनों तक हल्की धुंध और बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान न्यूनतम तापमान गिरकर 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

बिहार में 10 नवंबर को बारिश के आसार नहीं हैं। सुबह और शाम के समय कोहरा देखने को मिल सकता है। पटना में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आने वाले दिनों में यहां भी ठंड बढ़ सकती है।

पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी का अलर्ट

पश्चिमी विक्षोभ के कारण हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में मौसम बदलने वाला है। हिमाचल के मंडी, शिमला और चंबा में 10 नवंबर को बारिश हो सकती है। उत्तराखंड के कई जिलों में 13 नवंबर तक बारिश की संभावना है। वहीं, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 10 और 11 नवंबर को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के भी आसार हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here