नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में सांस लेना दिन-ब-दिन मुश्किल होता जा रहा है। दिवाली बीत चुकी है, लेकिन प्रदूषण का असर अभी भी बरकरारा है। सुबह उठते ही धुंध की चादर, आंखों में जलन और गले में खराश अब राजधानी के लोगों की रोज की परेशानी बन गई है। इसी बीट कांग्रेस सांसद इमरान मसूद का एक बयान सुर्खियों में आ गया है, जिसने नई बहस छेड़ दी है।
प्रदूषण को बताया मानव जनित रोग
सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद ने दिवाली और प्रदूषण को लेकर कहा कि यह सब इंसानों की ही पैदा की हुई बीमारी है। उनके मुताबिक, चाहे दिवाली का धुआं हो या साल भर का प्रदूषण, इसकी जड़ में हमारी ही आदतें हैं। उन्होंने कहा कि सिर्फ सरकार के भरोसे बैठकर इस समस्या का हल नहीं निकलेगा। लोगों को खुद समझना होगा और अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
विरोधियों पर साधा निशाना
मसूद ने अपने अंदाज में विरोधियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग सिर्फ नकारात्मक बातें करते हैं, उनका दिमागी संतुलन ही बिगड़ा हुआ है। उन्होंने साफ कहा कि सरकार किसी की भी हो, वह अकेले इस लड़ाई को नहीं जीत सकती। जब तक आम आदमी जागरूक नहीं होगा, तब तक हवा साफ नहीं होगी।
इसी दौरान इमरान मसूद ने चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आयोग इस समय दबाव में है और घबराहट में अपने ही फैसले बार-बार बदल रहा है। उनका आरोप था कि लोगों की आवाज को दबाने की कोशिश हो रही है, जो लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है।
दिल्ली के कई इलाकों में AQI 300 के पार
दूसरी तरफ, दिल्ली की हवा की हालत वाकई चिंताजनक बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मंगलवार सुबह 6 बजे तक के आंकड़े बताते हैं कि राजधानी के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में पहुंच गई। चांदनी चौक में एक्यूआई 400 तक दर्ज किया गया, जो सबसे ज्यादा रहा। पूसा में 398, एनएसयूटी जाफरपुर में 384, कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 380, सिरीफोर्ट में 375, टॉकटोरा गार्डन में 373, मथुरा रोड पर 372, बुराड़ी क्रॉसिंग पर 364, आईआईटी दिल्ली में 361 और आया नगर में 360 एक्यूआई दर्ज हुआ।
डॉक्टर भी लगातार सलाह दे रहे हैं कि सुबह की सैर से बचें, मास्क का इस्तेमाल करें और बच्चों-बुजुर्गों का खास ख्याल रखें। फिलहाल, दिल्ली की हवा को लेकर सियासत भी गर्म है और लोगों की चिंता भी बढ़ती जा रही है।











