नई दिल्ली: त्योहारों के मौसम में रेलवे स्टेशनों पर उमड़ने वाली यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने सुरक्षा व्यवस्था का अभेद्य चक्रव्यूह तैयार किया है। यात्रियों की सुरक्षा से लेकर भीड़ नियंत्रण और सुगम आवागमन तक, हर मोर्चे पर रेलवे प्रशासन ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। राजधानी दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के 1300 अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है।
2040 आरपीएफ जवानों का कड़ा पहरा, प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त तैनाती
उत्तर रेलवे के इस विशेष सुरक्षा अभियान के तहत कुल 2040 रेलवे सुरक्षा बल के जवान मोर्चा संभाल रहे हैं। इनमें 1300 अतिरिक्त जवान शामिल हैं। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, आनंद विहार, हजरत निजामुद्दीन और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन को विशेष निगरानी के दायरे में रखा गया है। इन स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही और भीड़ की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
24 घंटे मुस्तैद रहेंगे जवान, भगदड़ व अव्यवस्था रोकने पर विशेष फोकस
त्योहारी भीड़ के बीच किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए आरपीएफ के जवान चौबीसों घंटे ड्यूटी पर मुस्तैद रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था का मकसद यात्रियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के साथ ही स्टेशन परिसरों में अव्यवस्था और भगदड़ जैसी संभावित परिस्थितियों को रोकना है। जरूरत पड़ने पर यात्रियों को तत्काल सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।
यात्रियों से नियमों के पालन की अपील, संदिग्ध गतिविधि पर सूचना देने का आग्रह
उत्तर रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें। किसी भी लावारिस या संदिग्ध वस्तु अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत ड्यूटी पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल के जवानों को दें।त्योहारों में घर पहुंचने की खुशी और अपनों से मिलने का उत्साह बरकरार रहे, इसके लिए रेलवे ने सुरक्षा का पहरा मजबूत कर दिया है। साफ है कि इस बार त्योहारों की भीड़ के बीच सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा।
Reported By: Pankaj Rai












