नई दिल्ली: कल यानी 10 नवंबर से देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम में एक नया पश्चिमी विक्षोभ दस्तक दे रहा है। इसका असर पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक देखने को मिलेगा। कहीं तेज बारिश होगी, कहीं बर्फ गिरेगी और कहीं सुबह-सुबह कोहरा परेशान करेगा।
13 राज्यों में बारिश की चेतावनी
आईएमडी ने 13 राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। अरुणाचल, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तमिलनाडु, केरल, उत्तराखंड, अंडमान-निकोबार, लक्षद्वीप और पुडुचेरी में हल्की से लेकर भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं।
पहाड़ों में बर्फबारी, मैदानों में कोहरा
जम्मू-कश्मीर में 10 से 15 नवंबर के बीच भारी बारिश के साथ बर्फबारी शुरू हो सकती है। हिमाचल प्रदेश में भी 10 से 15 नवंबर के बीच बारिश के आसार हैं। वहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। उत्तराखंड में 10 से 13 नवंबर तक बारिश का दौर रह सकता है, लेकिन भारी बारिश की चेतावनी नहीं है।
दिल्ली में कल छाएगा कोहरा
राजधानी दिल्ली में कल आंशिक बादल रहेंगे। सुबह के वक्त ज्यादातर इलाकों में मध्यम कोहरा छा सकता है। दिन में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और रात में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री के आसपास रह सकता है। सुबह पूर्वी दिशा से हल्की हवा चलेगी। 11 और 12 नवंबर को भी दिल्ली में ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है।
यूपी-बिहार में सूखा रहेगा मौसम
उत्तर प्रदेश में कल मौसम सूखा रहेगा। सुबह हल्का कोहरा छाया रह सकता है। 11 नवंबर को मेरठ, शामली, सहारनपुर, वाराणसी और गाजीपुर समेत कई जिलों में कोहरा और घना हो सकता है। बिहार में भी कल लगभग सभी जिलों में मौसम सूखा रहेगा। वहां बारिश का कोई अलर्ट नहीं है।
पंजाब में परसों से बदलेगा मौसम
पंजाब में 10 और 11 नवंबर को ज्यादा बदलाव नहीं दिखेगा, लेकिन 12 से 15 नवंबर के बीच कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। पश्चिमी और मध्य भारत में इस हफ्ते मौसम में कोई खास बदलाव की उम्मीद नहीं है।
बंगाल की खाड़ी में 10 से 14 नवंबर के बीच दक्षिण म्यांमार तट के पास समुद्र में हालात खराब रह सकते हैं। इसलिए मछुआरों को इस दौरान समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।











