दिल्ली के मंच पर गूंजा नागालैंड का संगीत, हॉर्नबिल की धुन पर झूमी राजधानी

0
10

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में पूर्वोत्तर भारत की संस्कृति, संगीत और परंपराओं का ऐसा रंग जमा कि पूरा परिसर सुरों की गूंज से सराबोर हो उठा। मौका था ‘टिकट टू हॉर्नबिल 2026’ के भव्य समापन का जहां नागालैंड की लोकसंस्कृति और आधुनिक संगीत ने दर्शकों का दिल जीत लिया। छह नवंबर को आयोजित इस आयोजन में देशभर से पहुंचे संगीत प्रेमियों ने नागा विरासत लोकनृत्य और फैशन की शानदार झलक देखी।

नागालैंड सरकार के पर्यटन विभाग और संगीत एवं कला कार्यबल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य राजधानीवासियों को हॉर्नबिल महोत्सव से जोड़ना रहा। मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो मुख्य मेजबान तथा पर्यटन एवं उच्च शिक्षा मंत्री तेमजेन इम्ना अलोंग सह-मेजबान रहे।

संगीत और संस्कृति का दिखा शानदार संगम

कार्यक्रम में पारंपरिक नागा परिधानों से सजे फैशन प्रदर्शन ने आकर्षित किया वहीं लोकगीतों और आधुनिक संगीत की प्रस्तुतियों ने माहौल में नई ऊर्जा भर दी। अज़ी रूडी, सेंतिएन किचू और वेथो राखो की प्रस्तुतियों के बाद आओ नागा फ्यूजन और डेंसू ने लोकसंस्कृति के रंग बिखेरे।

राष्ट्रीय बैंड प्रतियोगिता के रोमांचक मुकाबले में मिजोरम के टेराट बैंड ने प्रथम स्थान हासिल किया। बेंगलुरु का स्टील फाल्कन प्रथम उपविजेता और उत्तराखंड का एनचैंटर द्वितीय उपविजेता बना। तीनों विजेता बैंड दिसंबर में नागालैंड के हॉर्नबिल संगीत महोत्सव में अंतरराष्ट्रीय स्तर के 45 अन्य बैंड के साथ प्रस्तुति देंगे।

प्रतियोगिता में 20 लाख रुपये के नकद पुरस्कार और पांच लाख रुपये मूल्य के वाद्ययंत्र पुरस्कार रखे गए। व्यक्तिगत श्रेणियों में भी कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। संगीत एवं कला कार्यबल के अध्यक्ष थेजा मेरु ने दर्शकों का आभार जताते हुए कहा कि दिल्ली में कलाकारों को मिला उत्साह और समर्थन बेहद सराहनीय रहा। उन्होंने इस आयोजन को नागालैंड की सांस्कृतिक पहचान को देशभर तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

गौरतलब है कि हॉर्नबिल महोत्सव एक से दस दिसंबर तक नागा विरासत ग्राम, किसामा में आयोजित होगा। यहां देश-विदेश के पर्यटक नागालैंड के लोकनृत्य, संगीत, खानपान, हस्तशिल्प और जनजातीय परंपराओं से रूबरू होंगे। दिल्ली में सजे इस सांस्कृतिक मंच ने साबित कर दिया कि संगीत की कोई सीमा नहीं होती। राजधानी में गूंजी नागालैंड की धुन अब दिसंबर में किसामा की वादियों में अंतरराष्ट्रीय पहचान के साथ फिर सुनाई देगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here