मुजफ्फरनगर: भगत सिंह रोड पर बाजार लगाने पर रोक, टाउन हॉल शिफ्टिंग के विरोध में रेहड़ी-पटरी वालों का हंगामा

0
9

मुज़फ़्फ़रनगर: दीपावली पर भगत सिंह रोड पर बाजार लगाने को लेकर गुरुवार को रेहड़ी-पटरी दुकानदारों ने जमकर हंगामा किया। प्रशासन ने इस बार सड़क के बीचों-बीच बाजार लगाने की अनुमति देने से साफ इनकार करते हुए दुकानदारों को शिव चौक से करीब 400 मीटर आगे टाउन हॉल के मैदान में दुकानें लगाने के निर्देश दिए हैं। इसी फैसले का छोटे व्यापारियों ने विरोध किया।

हंगामे की सूचना पर पहुंचा प्रशासनिक अमला, सड़क पर दुकानें लगाने पर रोक

हंगामे की सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट दीपक पाल, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अन्नू चौधरी, शहर कोतवाल बृजेश शर्मा और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पिछले कई वर्षों से दीपावली पर भगत सिंह रोड के बीच अस्थायी बाजार लगता रहा है, लेकिन इस बार प्रशासन ने यातायात और सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए सड़क पर दुकानें लगाने पर रोक लगा दी है।

टाउन हॉल शिफ्टिंग से दुकानदारों में नाराजगी, आर्थिक नुकसान की जताई चिंता

दुकानदारों का कहना था कि भगत सिंह रोड पर पहले से ही दुकानों के बाहर ठिए लगे हुए हैं। कई लोगों ने 20-20 हजार रुपये तक खर्च कर ठिए खरीदे हैं। उनका तर्क था कि ग्राहक बाजार में खरीदारी करने आएंगे, लेकिन टाउन हॉल तक नहीं पहुंचेंगे। ऐसे में उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। दुकानदारों ने यह भी कहा कि पहले पांच दिन बाजार लगता था, जबकि इस बार उनके पास दुकान लगाने के लिए केवल तीन दिन बचे हैं। उनका आरोप है कि स्थान बदलने की जानकारी पहले नहीं दी गई।

टाउन हॉल में दुकानों का आवंटन शुरू, सड़क पर बाजार न लगने देने पर अड़ा प्रशासन

उधर, प्रशासन ने टाउन हॉल मैदान में दुकानें आवंटित करने के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिया है। इसके लिए प्रत्येक दुकानदार से 100 रुपये शुल्क लिया जा रहा है।
सिटी मजिस्ट्रेट दीपक पाल ने स्पष्ट कहा कि इस बार भगत सिंह रोड पर सड़क के बीच किसी भी तरह का ठिया नहीं लगने दिया जाएगा। उनके मुताबिक सड़क पर बाजार लगने से यातायात बाधित होता है और दुर्घटनाओं का खतरा रहता है। आग लगने जैसी स्थिति में दमकल की गाड़ियों को पहुंचने में भी परेशानी हो सकती है। इसी वजह से सभी दुकानदारों के लिए टाउन हॉल मैदान में व्यवस्था की गई है।

Reported By: Rohit

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here