हिसार: जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने कहा कि आगामी 6 दिसंबर को आहिरवाल की धरती से पार्टी के नौवें स्थापना दिवस पर हरियाणा में सत्ता परिवर्तन का शंखनाद किया जाएगा। इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए पार्टी की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं और जिला स्तर पर कार्यकर्ताओं की ड्यूटियां लगाई जा रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे भारी संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर पार्टी की ताकत का प्रदर्शन करें।
जेजेपी ने जनहित के फैसलों से प्रदेश के विकास को दी नई दिशा
हिसार के मिलेनियम पैलेस में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. चौटाला ने कहा कि जेजेपी ने सत्ता में रहते हुए अपने चुनावी घोषणा पत्र में किए गए वादों को पूरा करने का काम किया था। पार्टी ने निजी क्षेत्र में स्थानीय युवाओं को 75 प्रतिशत रोजगार सुनिश्चित करने की नीति लागू की तथा पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देकर महिला सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया। उन्होंने कहा कि जेजेपी ने अपने कार्यकाल में जनहित से जुड़े कई फैसले लेकर प्रदेश के विकास को नई दिशा देने का प्रयास किया था।
किसानों को न फसल का भुगतान मिल रहा, न खाद की पर्याप्त उपलब्धता
मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए डॉ. चौटाला ने कहा कि आज किसान सबसे अधिक परेशान है। त्योहारों के सीजन में भी किसानों के हाथ खाली हैं, क्योंकि उन्हें अपनी फसलों का भुगतान समय पर नहीं मिल रहा। वहीं खेतों में बुवाई के लिए जरूरी खाद की किल्लत के चलते किसानों को दुकानों और सरकारी केंद्रों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की अव्यवस्थाओं के कारण अन्नदाता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पेपर लीक और बेरोजगारी ने युवाओं को किया निराश
युवाओं के रोजगार के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए जेजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश का युवा पेपर लीक, भर्ती घोटालों और बढ़ती बेरोजगारी से परेशान है। शिक्षित युवाओं को रोजगार के अवसर नहीं मिल रहे और सरकारी भर्तियों में अनियमितताओं के कारण उनका भविष्य अधर में लटका हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की गलत नीतियों के चलते युवाओं के सपने टूट रहे हैं और वे अपने ही प्रदेश में खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।
बढ़ते अपराध और फिरौती की घटनाओं से व्यापारी वर्ग में भय
डॉ. चौटाला ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। व्यापारियों से खुलेआम फिरौती मांगी जा रही है, जिसके कारण व्यापारी वर्ग में भय का माहौल है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा, किसान, व्यापारी और आम नागरिक मौजूदा सरकार की नीतियों से परेशान हैं। अब सभी वर्गों को एकजुट होकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करनी होगी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और छह दिसंबर को आहिरवाल की धरती से होने वाला जेजेपी का स्थापना दिवस समारोह इस बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
पार्टी पदाधिकारी और भारी संख्या में कार्यकर्ता रहे उपस्थित
इस अवसर पर जेजेपी जिला अध्यक्ष अनिल बालकिया, पूर्व चेयरमैन राजेंद्र लितानी, हिसार रैली प्रभारी सुरेंद्र भागीरथ, राजमल काजल, रमेश गोदारा, शमशेर मात्रश्याम, मास्टर तारा चंद, ईश्वर सिंह लौरा, गुलाब सिंह खेदड़, अजित ओडिएम, सत्यवान बिचपड़ी, जिला प्रवक्ता रवि आहूजा, महिला जिला अध्यक्ष सुमन श्योराण, युवा जिला अध्यक्ष अनिल शर्मा, विजेंदर धानक, वीरेंद्र चौधरी, सजन लावट, जितेंद्र श्योराण, बबलू खटाना, तरुण गोयल, राजेंद्र चूटानी, कर्ण सिंह देपल, एडवोकेट पंकज मेहता, सत्यवान कुहाड़, बलराज बैनीवाल, विपिन गोयल, सुनील मूंड, नरेश पुनिया, बबलू गोदारा, गौरव सैनी, प्रभु दयाल जाखड़, मुकेश वाल्मीकि, श्रवण बागड़ी, मोहित अरोड़ा, लेखराज शर्मा और सतबीर मुंगेरिया सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Reported By: Praveen Kumar












