वेतन व फेस्टिवल एडवांस नहीं मिलने पर कर्मचारियों में रोष, 6 नवंबर को करेंगे गेट मीटिंग

0
10

हिसार: हरियाणा राज्य चतुर्थ श्रेणी सरकारी कर्मचारी यूनियन रजि. नंबर 492, ब्रांच क्षेत्र-3, संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा की आम सभा एवं गेट मीटिंग ब्रांच के वरिष्ठ उपप्रधान कृष्ण शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का संचालन ब्रांच सचिव साहिल सहारण ने किया। बैठक को संबोधित करते हुए यूनियन के जिला प्रधान छबिलदास मौलिया और सर्व कर्मचारी संघ के ब्लॉक प्रधान राजेश बागड़ी ने संयुक्त रूप से कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार लगातार जनविरोधी एवं कर्मचारी विरोधी नीतियां लागू कर रही हैं। इन नीतियों के खिलाफ आमजन और कर्मचारी वर्ग में भारी रोष है तथा लोग सड़कों पर उतरकर विरोध जता रहे हैं।

वेतन और फेस्टिवल एडवांस लटकाने से कर्मचारियों में आक्रोश

कर्मचारी नेताओं ने कहा कि सरकार की घोषणा के बावजूद पशुपालन विभाग के क्षेत्र-3 में वित्तीय शक्तियों का अभाव बताकर कर्मचारियों का 30 अक्टूबर 2026 का वेतन, फेस्टिवल एडवांस और जीपीएफ एडवांस का भुगतान लंबित रखा गया है। जबकि इनका भुगतान 30 अक्टूबर तक किया जाना चाहिए था। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पिछले 20 दिनों से लगातार मौखिक एवं लिखित रूप से अनुरोध किया जा रहा है। मुख्य अधीक्षक, राजकीय पशुधन फार्म हिसार के साथ यूनियन प्रतिनिधिमंडल की 27 अक्टूबर को हुई बातचीत में भी सहमति एवं आश्वासन दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद कर्मचारियों को उनका भुगतान नहीं मिला।

वित्तीय शक्तियां होने पर भी भुगतान न होने पर कार्रवाई की मांग

उन्होंने कहा कि मुख्य अधीक्षक के अधीन उपनिदेशक, भेड़ प्रजनन फार्म हिसार के पास वित्तीय शक्तियां होने के बावजूद कर्मचारियों को वेतन और फेस्टिवल एडवांस का भुगतान नहीं किया गया। इससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने और कर्मचारियों का लंबित भुगतान बिना देरी किए जारी करने की मांग की।

भुगतान न मिलने पर 6 नवंबर को ‘काली दिवाली’ मनाने की चेतावनी

कर्मचारी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द भुगतान नहीं किया गया तो 6 नवंबर को दोबारा बड़ी गेट मीटिंग आयोजित कर कर्मचारी ‘काली दिवाली’ मनाने का फैसला लागू करेंगे। उन्होंने विभाग में ठेकेदार प्रथा समाप्त करने, स्थायी सरकारी भर्ती शुरू करने, कर्मचारियों की सेवा सुरक्षा बहाल करने, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने तथा पूरे हरियाणा में लागू साढ़े छह घंटे की ड्यूटी व्यवस्था के अनुरूप राजकीय पशुधन फार्म में भी ड्यूटी रोस्टर लागू करने की मांग उठाई।

रोडवेज हड़ताल का समर्थन, 12 दिसंबर की देशव्यापी रैली में भागीदारी का ऐलान

बैठक में हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल को पूर्ण समर्थन देने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। इसके साथ ही 12 दिसंबर 2026 को अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर आयोजित रैली में बढ़-चढ़कर भाग लेने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर पूर्व प्रधान रणबीर रावत, सीताराम मौलिया, देवाशीष, सुरेश सहित अनेक कर्मचारी नेताओं ने भी बैठक को संबोधित किया।

Reported By: Praveen Kumar

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here