नई दिल्ली: लोकतंत्र की ताकत जनता का विश्वास है और इस विश्वास की रक्षा जागरूक नागरिकों की जिम्मेदारी है। इसी संदेश के साथ कृष्णानगर विधानसभा क्षेत्र के गोविंद बैंक्वेट में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ विषय पर प्रबुद्ध नागरिकों का संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दिल्ली प्रभारी एवं वरिष्ठ नेता विनय सहस्त्रबुद्धे और कृष्णानगर विधायक डॉ. अनिल गोयल की मौजूदगी में सैकड़ों बुद्धिजीवियों ने लोकतंत्र की मजबूती और मतदाता जागरूकता का संकल्प लिया।
विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्ध नागरिकों ने कार्यक्रम में लिया हिस्सा
कार्यक्रम में डॉक्टर इंजीनियर, अधिवक्ता, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता, आरडब्ल्यूए और बाजार एसोसिएशन के प्रतिनिधियों सहित कई क्षेत्रों के प्रभावशाली नागरिक शामिल हुए। संवाद के दौरान वक्ताओं ने लोकतांत्रिक व्यवस्था, संवैधानिक संस्थाओं की भूमिका और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की।
एसआईआर और संवैधानिक संस्थाओं की भूमिका पर हुई चर्चा
वक्ताओं ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन से जुड़ी पार्टियों पर आरोप लगाया कि वे विभिन्न मुद्दों के जरिए लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर जनता के बीच भ्रम पैदा कर रही हैं। विनय सहस्त्रबुद्धे ने प्रबुद्ध नागरिकों के एसआईआर से जुड़े सवालों के जवाब देते हुए प्रक्रिया की जानकारी दी।
पात्र मतदाताओं से फॉर्म-6 भरकर आवेदन करने की अपील
विधायक डॉ. अनिल गोयल ने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना लोकतांत्रिक भागीदारी के लिए जरूरी है। उन्होंने बताया कि जिन पात्र नागरिकों के नाम सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं।कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने संकल्प लिया कि वे घर-घर जाकर एसआईआर की सही जानकारी पहुंचाएंगे और मतदाताओं की भ्रांतियां दूर करेंगे। इस अवसर पर शाहदरा जिला अध्यक्ष दीपक गाबा, अशोक ठाकुर, पीयूष गुप्ता, जस्मैन नोनी, संदीप कपूर, निगम पार्षद राजू साईं, नीमा भगत और मीनाक्षी शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।












