नई दिल्ली: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के पॉश इलाके अमर कॉलोनी से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक वरिष्ठ IRS अधिकारी की 21 वर्षीय बेटी की उसके ही घर के अंदर हत्या कर दी गई. इस वारदात ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है.
मृतका 1997 बैच के एक वरिष्ठ IRS अधिकारी की बेटी थी. वह इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर चुकी थी और इन दिनों UPSC की तैयारी में जुटी थी. घर जैसे सुरक्षित स्थान पर हुई इस निर्मम हत्या ने न केवल परिवार बल्कि प्रशासनिक महकमे को भी झकझोर कर रख दिया है.
दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवती के साथ पहले दुष्कर्म किए जाने की प्रबल आशंका है. इसके बाद आरोपी ने मोबाइल चार्जर की तार से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी. घटना की क्रूरता से अंदाजा लगाया जा सकता है कि आरोपी ने वारदात को बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया.
पुराने नौकर पर गहराया शक
इस मामले में पुलिस का संदेह घर के एक पूर्व नौकर पर है, जो राजस्थान का रहने वाला बताया जा रहा है. वह करीब दो महीने पहले तक इसी घर में काम करता था, लेकिन उसके व्यवहार के कारण उसे नौकरी से निकाल दिया गया था.
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह वह अचानक फिर से घर पहुंचा था. इसके बाद से ही वह लापता है, जिससे पुलिस का शक और गहरा गया है. चश्मदीदों और शुरुआती सबूतों के आधार पर पुलिस उसे मुख्य संदिग्ध मानकर जांच कर रही है.
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस टीमें
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि दुष्कर्म की पुष्टि हो सके और मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके.
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें बनाई गई हैं और उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस इस मामले को हर एंगल से जांच रही है.
















