Aishwarya Rai Birthday: मैंगलोर से बॉलीवुड की क्वीन तक, ऐश्वर्या राय की जिंदगी की वो कहानी जिसने दुनिया को बनाया दीवाना

0
10

मुंबई: बॉलीवुड की सबसे खूबसूरत और पॉपुलर एक्ट्रेस शुमार ऐश्वर्या राय बच्चन आज 1 नवंबर को अपना 53वां जन्मदिन मना रही हैं। लेकिन क्या आप जानते है 1973 में कर्नाटक के मैंगलोर में जन्मी ऐश्वर्या का सफर एक तुलु परिवार की आम लड़की से मिस वर्ल्ड और फिर ग्लोबल स्टार बनने तक कैसा रहा है. उनके  फिल्म इंडस्ट्री में बतौर एक्ट्रेस 29 साल कैसे बीते है चलिए नजर डालते है।

शुरुआती जीवन और पढ़ाई

ऐश्वर्या का जन्म 1 नवंबर 1973 को मैंगलोर में हुआ। पिता कृष्णराज राय मरीन बायोलॉजिस्ट और मां वृंदा होममेकर थीं। एक्ट्रेस का बड़ा भाई आदित्य मर्चेंट नेवी में इंजीनियर है। बचपन में परिवार मुंबई शिफ्ट हो गया। उन्होंने आर्य विद्या मंदिर और माटुंगा के डीजी रूपारेल कॉलेज से पढ़ाई की, जहां एचएससी में उन्होंने 90 प्रतिशत अंक हासिल किए। इसके साथ ही ऐश्ववर्य ने बचपन में 5 साल तक भरतनाट्यम और शास्त्रीय संगीत भी सीखा। हालांकि पहले वह डॉक्टर और फिर आर्किटेक्ट बनना चाहती थी, जिसके लिए उन्होंने रचना संसद अकादमी में एडमिशन भी लिया, लेकिन मॉडलिंग ऑफर्स के चलते उन्होंने पढ़ाई छोड़ दी।

मॉडलिंग से मिस वर्ल्ड तक का सफर 

एक्ट्रेस में कैमलिन पेंसिल के विज्ञापन से बाल मॉडल के तौर पर अपने करियर शुरुआत की। 1991 में उन्होंने फोर्ड सुपरमॉडल कॉन्टेस्ट में हिस्सा लिया। वहीं 90 के दशक की शुरुआत में ही उन्हें फिल्मों के ऑफर मिलने लगे थे। खुद ऐश्वर्या बता चुकी हैं कि मिस इंडिया से पहले उन्हें आमिर खान की ‘राजा हिंदुस्तानी’ समेत 4 फिल्में ऑफर हुई थीं, लेकिन उन्होंने पढ़ाई पूरी करने के लिए मना कर दिया।

जनवरी 1994 में मिस इंडिया में वह सुष्मिता सेन के बाद रनर-अप रहीं। फिर उन्होंने नवंबर 1994 में दक्षिण अफ्रीका के सन सिटी में 86 देशों को पछाड़कर मिस वर्ल्ड का खिताब जीता। रीता फारिया के बाद यह खिताब जीतने वाली वह दूसरी भारतीय बनीं। फाइनल में करुणा और मानवता वाले जवाब ने उन्हें दुनिया भर में पहचान दिलाई।

फिल्मी करियर की शुरुआत

मिस वर्ल्ड बनने के तुरंत बाद वह बॉलीवुड इंडस्ट्री का हिस्सा नहीं बनी। 1997 में मणिरत्नम की तमिल फिल्म ‘इरुवर’ से डेब्यू किया और उसी साल ‘और प्यार हो गया’ से हिंदी सिनेमा में एंट्री की। 1998 में ‘जीन्स’ और 1999 में ‘हम दिल दे चुके सनम’ और ‘ताल’ ने उन्हें स्टार बना दिया। ‘हम दिल दे चुके सनम’ के लिए पहला फिल्मफेयर बेस्ट एक्ट्रेस अवॉर्ड मिला।

देवदास और कान्स फिल्म फेस्टिवल

2002 में संजय लीला भंसाली की ‘देवदास’ करियर का टर्निंग पॉइंट बनी। पारो के किरदार में वह कान्स फिल्म फेस्टिवल तक पहुंचीं। 2003 में वह कान्स की जूरी में शामिल होने वाली पहली भारतीय अभिनेत्री बनीं। 2004 में टाइम मैगजीन ने उन्हें दुनिया के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों में शामिल किया। इस दौर में ‘धूम 2’, ‘गुरु’, ‘जोधा अकबर’ और ‘गुजारिश’ जैसी हिट फिल्में दीं।

ऐश्वर्या ने ‘ब्राइड एंड प्रेजुडिस’ (2004), ‘द मिस्ट्रेस ऑफ स्पाइसेज’, ‘प्रोवोक्ड’ और ‘द पिंक पैंथर 2’ जैसी अंग्रेजी फिल्मों में काम किया। उन्होंने बताया था कि उन्हें ‘ट्रॉय’, ‘रश ऑवर’ फ्रेंचाइजी, माइकल डगलस और विल स्मिथ की फिल्मों के ऑफर मिले थे, लेकिन बॉलीवुड की व्यस्तता के कारण वह  उन फिल्मों को कर पाईं।

फैमिली और कमबैक

वहीं अपने करियर की बुलंदियों के बीच ऐश्वर्या ने साल 2007 में अभिषेक बच्चन से शादी की और 2011 में बेटी आराध्या के जन्म के बाद उन्होंने 5 साल का ब्रेक ले लिया। 2015 में ‘जज्बा’, 2016 में ‘सरबजीत’ और ‘ऐ दिल है मुश्किल’ से वापसी की। इसके बाद वह 2022-23 में मणिरत्नम की ‘पोन्नियिन सेल्वन 1 और 2’ में नंदिनी के किरदार से उन्होंने फिर साबित किया कि वह काम्प्लेक्स किरदारों को भी बखूबी निभा सकती है, जिसके लिए 2024 में IIFA अवार्ड्स में बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड भी मिला।

2026 में भी जलवा बरकरार

ऐश्वर्या का जलवा आज भी बरकरार है। कान्स 2025 में वह आइवरी बनारसी साड़ी में भारतीय हैंडलूम को प्रमोट करती दिखी थी। वहीं इस साल मई में भी एक्ट्रेस कान्स के रेड कार्पेट पर अमित अग्रवाल के सैफायर ब्लू गाउन में नजर आईं। साथ ही जून 2026 में उन्हें JW Marriott का पहला ग्लोबल ब्रांड एंबेसडर बनाया गया और सितंबर 2026 में पेरिस फैशन वीक में लॉरियल की ग्लोबल एंबेसडर के तौर पर रैंप वॉक किया।  53 साल की उम्र में भी ऐश्वर्या खुद को ‘धीरे चलने वाला कछुआ’ कहती हैं, जो अपनी रफ्तार खुद तय करती है। बता दें, इसी खास मौके पर ऐश्वर्या के सभी फैंस सोशल मीडिया पर उन्हें उनके जन्मदिन के लिए बधाई दे रहे हैं और उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here