रामलीला मैदान में विपक्ष का शक्ति प्रदर्शन, राहुल गांधी बोले- रैली के साथ बाजार से खरीदारी भी करें

0
9

नई दिल्ली: दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को होने वाली INDIA ब्लॉक की रैली की तैयारियां तेज हो गई हैं। विपक्षी दलों के नेता और समर्थक राजधानी पहुंचने लगे हैं। इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार देर शाम सोशल मीडिया मंच एक्स पर दिल्ली आने वाले लोगों से रैली में शामिल होने के साथ स्थानीय दुकानों से खरीदारी करने की अपील की।

राहुल गांधी ने दिवाली, छठ और भाईदूज का जिक्र करते हुए कहा कि दिल्ली आने वाले लोग छोटी दुकानों से सामान खरीदकर स्थानीय व्यापारियों की मदद कर सकते हैं। उन्होंने कहा, ‘प्रोटेस्ट, मार्च, रैली कीजिए, साथ में थोड़ी सी खरीदारी भी कीजिए-व्यापारियों का फायदा हो जाएगा।’ राहुल ने दावा किया कि रैली से दुकानदारों को नुकसान नहीं होगा और बीजेपी डर की वजह से अफवाह फैला रही है। यह रैली कथित चुनावी अनियमितताओं के विरोध में आयोजित की जा रही है। विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

दोपहर 12 बजे शुरू होगा ‘चलो दिल्ली’ मार्च

‘चलो दिल्ली’ मार्च दोपहर 12 बजे मिंटो रोड-कनॉट प्लेस चौराहे से शुरू होकर रामलीला मैदान पहुंचेगा। रैली सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। INDIA ब्लॉक के नेताओं के कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास से खुली बसों में मार्च के शुरुआती स्थान तक पहुंचने की संभावना है। रैली में गठबंधन के नेताओं के अलावा छात्र, युवा, महिलाएं, मजदूर और सामाजिक संगठनों के लोग भी शामिल हो सकते हैं। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और छात्र संगठनों ने भी समर्थन दिया है। अभिजीत दिपके की ओर से शुरू किए गए CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग दोहराई है।

रामलीला मैदान में तैयारियां तेज

मैदान में मुख्य मंच पर बड़ा तिरंगे वाला शामियाना लगाया गया है। INDIA ब्लॉक की राज्य इकाइयों के लिए अलग मंच बनाया जा रहा है। सफेद शामियाने और लोहे के बैरिकेड लगाए गए हैं। कुर्सियां और अन्य सामान भी पहुंचाया जा रहा है। आयोजकों को स्वयंसेवक तैनात करने, पीने के पानी और महिलाओं के लिए अलग शौचालय की व्यवस्था करने को कहा गया है। अलग-अलग समूहों के लिए प्रवेश द्वार और बैठने की जगह तय की गई है। पार्किंग के लिए ट्रैफिक पुलिस से तालमेल किया जा रहा है। मैदान में रातभर रुकने की अनुमति नहीं होगी।

सुरक्षा के लिए चार हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी

INDIA ब्लॉक ने रैली में 10 लाख लोगों के आने की उम्मीद जताई है, जबकि पुलिस का अनुमान करीब 50 हजार लोगों का है। अधिकारियों के मुताबिक, व्यवस्थाओं के बाद मैदान में लगभग 30 से 40 हजार लोग आ सकेंगे।

मार्च के रास्ते और रैली स्थल पर चार हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तथा केंद्रीय बल तैनात होंगे। मैदान को 14 हिस्सों में बांटा गया है, जिनकी निगरानी एसीपी स्तर के अधिकारी करेंगे। सुरक्षा के लिए 200 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन इस्तेमाल होंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here