वृंदावन: ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर में कार्तिक मास के दौरान दीपदान कराने के नाम पर श्रद्धालुओं से ऑनलाइन धनराशि मांगने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मंदिर के आसपास चस्पा किए गए पोस्टरों के माध्यम से ऑनलाइन दान की अपील करने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब पोस्टर पर दर्ज मोबाइल नंबर और यूपीआई आईडी के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है।
आस्था को निशाना बनाकर लगाए गए पोस्टर
कार्तिक मास में बांके बिहारी मंदिर में दीपदान का विशेष धार्मिक महत्व है। देशभर से आने वाले श्रद्धालु इस दौरान धार्मिक अनुष्ठानों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। इसी आस्था को निशाना बनाकर मंदिर के आसपास ऐसे पोस्टर लगाए गए, जिनमें दीपदान महोत्सव के आयोजन के नाम पर ऑनलाइन रुपये भेजने की अपील की गई थी। पोस्टर पर मोबाइल नंबर और यूपीआई आईडी भी अंकित की गई थी। मामला सामने आने के बाद मंदिर से जुड़े लोगों में हलचल मच गई।
सेवायत की शिकायत के बाद मुकदमा दर्ज
मंदिर के सेवायत सुमित गोस्वामी ने इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए हाईपावर कमेटी के समक्ष शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद मामले की जानकारी पुलिस तक पहुंची। पुलिस ने पोस्टरों के जरिए श्रद्धालुओं से धनराशि मांगने के मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू की। बांके बिहारी मंदिर चौकी प्रभारी शिव कुमार शर्मा की ओर से इस संबंध में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
मोबाइल नंबर और यूपीआई आईडी की जांच जारी
पुलिस अब पोस्टर पर दर्ज मोबाइल नंबर और यूपीआई आईडी की जांच कर रही है। इनके जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पोस्टर किसने लगवाए और ऑनलाइन दान के नाम पर कितनी धनराशि जुटाई गई। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि दीपदान महोत्सव के नाम पर धनराशि मांगने के लिए किसी अधिकृत संस्था या मंदिर प्रबंधन की अनुमति ली गई थी अथवा नहीं।
Reported By: Prem Kaushik












